मेहनत में सबसे आगे हैं मुंबईकर

मुंबई: यदि कोई आपसे पूछता है कि सबसे ज्यादा मेहनत कहाँ के लोग करते हैं, तो आप बता सकते हैं कि मुंबई। दुनियाभर के 77 बड़े शहरों में कराए गए एक सर्वे में यह बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, मुंबई निवासी सबसे ज्यादा घंटे तक काम करते हैं। हालांकि, इतने मेहनतकश होने के बावजूद उन्हें काम के बदले उचित दाम नहीं मिलते। न्यूयॉर्क में काम करने वाला एक व्‍यक्‍त‍ि 54 घंटे की कमाई से जहां आईफोन खरीद सकता है, वहीं मुंबईकर को इसके लिए 917 घंटे काम करना पड़ेगा। स्विस बैंक यूबीएस द्वारा कराए गए इस सर्वे में कहा गया है कि मुंबई के लोग हर साल 3314.7 घंटे तक काम करते हैं, जबकि कुल औसत 1987 घंटे काम का रहा। इसी तरह से मुंबईकर यूरोपीय शहरों जैसे रोम और पेरिस के लोगों के काम से दोगुने से ज्यादा काम करते हैं। रोम में लोग 1581 और पेरिस में 1662 घंटे तक काम करते हैं। मुंबईकर कमाई के मामले में दुनिया में 76वें स्‍थान पर है। कमाई के मामले में देखा जाए तो जिनेवा, ज्यूरिख और लग्जमबर्ग टॉप पर हैं, जबकि मुंबई सूची में नीचे से दूसरे यानी 76वें नंबर पर है। मुंबई से नीचे केवल काहिरा है।