आम यात्रियों के लिए आज से शुरू हुईं मुंबई की लोकल ट्रेनें

मुंबई : ऑनलाइन टीम – मुंबई की लाइफ लाइन कही जानेवाली लोकल ट्रेन आम यात्रियों के लिए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज से शुरू हो गयी है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देख मार्च 2020 से लोकल सेवाएं आम यात्रियों के लिए बंद की थी। सिर्फ अत्यावश्यक सेवाओ में कार्यरत कर्मचारियों के लिए ही लोकल ट्रेन की सेवाएं शुरू थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, अब आज से हार्बर, सेंट्रल और वेस्टर्न तीनों लोकल रूट के आम यात्री भी लोकल ट्रेन से यात्रा कर सकते हैं। हालांकि सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक पिक ऑवर्स में आम यात्रियों को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति नहीं है। आम यात्री सुबह 4 बजे से 7 बजे तक,  दोपहर में 12 से 4 बजे तक और रात में 9 बजे से देर रात सवा एक बजे आखिरी ट्रेन छूटने तक लोकल ट्रेनों में सफर कर सकते है।

मानने होंगे नियम –
लोकल ट्रेनों में यात्रा के लिए कोरोना के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। यात्रियों को स्टेशन परिसर में और लोकल ट्रेनों में मास्क लगाकर रखना होगा, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा और आरोग्य सेतु ऐप का इस्तेमाल करना होगा।