भाजपा के गढ़ में राष्ट्रवादी करेगी ‘परिवर्तन का निर्धार’

पिंपरी। संवाददाता – भाजपा सरकार के विरोध में राष्ट्रवादी कांग्रेस द्वारा पूरे राज्य में निर्धार परिवर्तन यात्रा शुरू की गई है। शनिवार (2 फरवरी) को यह यात्रा पिंपरी चिंचवड शहर में पहुंच रही है। इस उपलक्ष्य में शाम साढ़े पांच बजे नवी सांगवी के पीडब्ल्यूडी मैदान में सभा का आयोजन किया गया है। यह इलाका भाजपा शहराध्यक्ष और विधायक लक्ष्मण जगताप का गढ़ कहा जाता है, यहीं पर सभा का आयोजन कर राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं एक पत्थर से कई पंछी मार गिरानेवाली कहावत को साबित करने की कोशिश की है।
केंद्र और राज्य सरकार के भ्रष्टाचार, स्मार्ट सिटी के नाम पर धांधली, जीएसटी, नोटबन्दी, अकाल निवारण, मंत्रिमंडल के घोटाले, किसानों के मसले जैसे कई स्तर पर भाजपा सरकार नाकाम साबित रही है। उसकी इन्हीं नाकामियों को गिनाने और जनता तक पहुंचाने के लिहाज से राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 10 जनवरी को रायगढ़ से निर्धार परिवर्तन यात्रा शुरू की है। शनिवार को यह यात्रा शहर में पहुंचेगी। शाम साढ़े पांच बजे पार्टी के आला नेताओं की मौजूदगी में नवी सांगवी में सभा आयोजित की गई है।
इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्रवादी के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे ने संवाददाताओं को बताया कि, इस सभा में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल, पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार, छगन भुजबल, विधान परिषद में विपक्षी दल के नेता धनंजय मुंडे, वरिष्ठ नेता सुनिल तटकरे, सांसद सुप्रिया सुले जैसे तेजतर्रार नेताओं की फौज शनिवार को शहर में पहुंचेगी। इस संवाददाता सम्मेलन में पूर्व विधायक विलास लांडे, विपक्ष के नेता दत्ता साने, नगरसेवक नाना काटे, भाऊसाहेब भोईर, युवक शहराध्यक्ष विशाल वाकडकर, महिला शहराध्यक्ष वैशाली कालभोर,  प्रशांत शितोले, योगेश गवली, फजल शेख, वर्षा जगताप आदि उपस्थित थे।