एनसीपी ने फैलाई भाजपा नेताओं की घर वापसी की अफवाह : एकनाथ पवार

पिंपरी, 13 दिसंबर : समाचार ऑनलाइन – लंबे समय से पिंपरी-चिंचवड़ शहर के भाजपा नेताओं के पार्टी छोड़ने की बातें सोशल मीडिया में फैलाई जा रही है।इस संबंध में कई बार भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा स्पष्टीकरण दिया जा चुका है। एक बार फिर से भाजपा नेताओं के घर वापसी की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।इस पर मनपा में सत्तापक्ष नेता एकनाथ पवार ने कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है।राष्ट्रवादी के कुछ गुट इस प्रकार की अफवाहें फैलाकर अपनी चिढ़ निकाल रहे हैं।शहर के कोई भी नेता भाजपा छोड़कर नहीं जाएंग।

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में भाजपा का कमल मुरझाने लगा है।इस बीच पूर्व उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने घरवापसी का मुद्दा उठा दिया है।वहीं दूसरी तरफ राकांपा के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे ने इस संबंध प्रतिक्रिया देकर मामले को गर्मा दिया है।इन चर्चाओं से पिंपरी-चिंचवड़ में बड़े पैमाने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को शक की नजरों से देखा जाने लगा है।

शहर में चल रही इन चर्चाओं को लेकर मनपा में सत्तापक्ष नेता एकनाथ पवार ने स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने कहा कि  शहर के कोई भी नेता भाजपा छोड़कर नहीं जाएंगे। राष्ट्रवादी के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे ने गलत बयान देकर शहर में अफवाह फैलाई है।विधायक लक्ष्मण जगताप और महेश लांडगे पहले ही भाजपा छोड़कर कहीं जाने की बात से इंकार कर चुके हैं।इसके बावजूद राष्ट्रवादी के कुछ गुट ऐसी अफवाह फैला रहे हैं, इसमें कोई सच्चाई नहीं।

महापौर राहुल जाधव ने भी चल रही इन चर्चाओं को गलत बताया है।उन्होंने कहा कि हमारे सभी नेता, नगरसेवक जहां हैं वहां आनंदित और सुखी हैं।शहर के किसी भी नेता के पार्टी छोड़कर जाने का सवाल ही नहीं उठता है।

इस बीच पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम से राज्य में भाजपा की हालत पतली हो गई है।भाजपा के खिलाफ मतदाताओं की बढ़ती नाराजगी उनके लिए चिंता का विषय बन गई है।पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-एनसीपी के कई नेता भाजपा में शामिल हो गए थे।लेकिन अब ऐसे नेताओं की जल्द घर वापसी की चर्चा जोर-शोर से हो रही है।पिंपरी-चिंचवड़ शहर में एनसीपी छोड़कर भाजपा में गए लक्ष्मण जगताप, महेश लांडगे व आजम पानसरे के घर वापसी की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।