राष्ट्रगीत के दौरान चक्कर खाकर गिरे नितिन गडकरी

पुणे: समाचार ऑनलाइन – अहमदनगर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी राष्ट्रगीत के दौरान चक्कर खाकर गिर गए। राष्ट्रगीत के बाद कुर्सी पर बैठते समय उन्हें अचानक चक्कर आया और वो नीचे गिर गए। हालांकि, फ़िलहाल अभी वह पूरी तरह ठीक हैं। बताया जा रहा है कि शुगर कम होने के चलते गडकरी को चक्कर आया था।

अहमदनगर के राहुरी में महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ के दीक्षान्त-समारोह में नितिन गडकरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। भाषण ख़त्म करने के बाद गडकरी राष्ट्रगीत के लिए खड़े हुए और वापस कुर्सी पर बैठते समय चक्कर खाकर गिर गए। मौके पर मौजूद राज्यपाल सी विद्यासागर और अन्य अतिथियों ने गडकरी को संभाला।

इस घटना के चलते समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी जैसा माहौल निर्मित हो गया। चंद ही मिनटों में डॉक्टरों की टीम वहां पहुंची और केंद्रीय मंत्री को इंजेक्शन लगाया, इसके बाद उनकी सेहत में सुधार आया। इस कार्यक्रम के बाद गडकरी साईं बाबा के दर्शन के लिए शिर्डी जाने वाले थे, लेकिन चक्कर आने की वजह से वह विशेष विमान से नागपुर रवाना हो गए।