विदेशी महिला को घर बुलाकर छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – मुंबई के बांद्रा में विदेशी महिला को घर बुलाकर छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता द्वारा बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमरदीप सिंह चौधरी और साहिब सिंह पर आरोप है कि उन्होंने कनाडा निवासी 24 वर्षीय महिला के साथ बुधवार रात छेड़छाड़ की।

पुलिस के अनुसार, कनाडा निवासी महिला अपने दोस्त के साथ पिछले एक महीने से भारत में रह रही है। कुछ वक़्त पहले उसकी मुख्य आरोपी अमरदीप सिंह चौधरी (29) से बांद्रा के एक पब में दोस्ती हुई थी। चौधरी ने उसे बांगुर नगर स्थित अपने घर बुलाया था। जिसके बाद पीड़िता अपने पुरुष मित्र के साथ वहां पहुंच गई।

पुलिस का कहना है कि महिला और उसके दोस्त ने रात आरोपी के फ्लैट में गुजारने का फैसला लिया। सोते समय महिला को अहसास हुआ कि कोई उसे गलत तरीके से छू रहा है, जब उसने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद पीड़िता अपने मित्र के साथ सीधे पुलिस स्टेशन गई और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। चौधरी और सिंह को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।