6.80 लाख के जेवरों की लूट मामले में अहमदाबाद से एक गिरफ्तार

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – सोने के जेवरातों के व्यापारी का पीछा करते हुए उसके पास से छह लाख 80 हजार रुपए के सोने के जेवरात और नकदी से भरी बैग लूटने की वारदात को पिंपरी चिंचवड पुलिस की क्राइम ब्रांच की एसआइटी ने सुलझा लिया है। इस मामले में रोहित उर्फ कालू दलपत घमंडे (30, निवासी छारानगर, कुबेरनगर, अहमदाबाद, गुजरात) नामक एक शातिर आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से 210 ग्राम का सोना भी बरामद करने में एसआईटी को सफलता मिली है। लालू और उसके साथियों ने उस व्यापारी को पिंपरी के लॉज में भी लूटने की कोशिश किये जाने की जानकारी सामने आयी है। इसके अलावा उसने पिंपरी में एक कार की कांच तोड़कर उसमें से तीन लाख की नकदी भी चुराए जाने की वारदात स्वीकारी है।
क्या है पूरा मामला
पिंपरी चिंचवड के अपर पुलिस आयुक्त रामनाथ पोकले ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, सोने के व्यापारी रवि अमीचंद मेहता (71, निवासी अजनाला, अमृतसर, पंजाब) पंजाब, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र राज्य में सोने के जेवरात बिक्री का कारोबार करते हैं। 25 दिसंबर की सुबह सवा 10 बजे के करीब पिंपरी चौक से पिंपरी की ओर जाते वक्त पांच लोगों ने उनके पास से सोने के जेवरात और नकदी से भरी बैग छीन ली थी। इस छीना झपटी में मेहता घायल भी हुए थे। इस बारे में पिंपरी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पिंपरी पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) भी इस मामले की समांतर जांच में जुटी थी।
कैसे बनी आरोपी तक पहुंच
लूटपाट की वारदात की जगह के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध का सुराग ढूंढ़ते हुए पुलिस येरवडा पहुंची। वहां के सीसीटीवी से आरोपी निश्चित हुआ और महाराष्ट्र क्राइम डिटेक्शन और नेशनल क्राइम डिटेक्शन समेत अन्य व्हाट्सएप ग्रुप्स पर इसकी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। तब आरोपी के अहमदाबाद में रहने की खबर मिली।अहमदाबाद के सूत्रों से जानकारी जुटाने के बाद एसआइटी के सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश कांबले, कर्मचारी महादेव जावले, सोमनाथ बोराडे, नितीन खेसे, विशाल भोईर, कबीर पिंजारी, पंकज भदाने की टीम अहमदाबादला पहुंची। 22 से 27 जनवरी तक वहीं डटे रहने के बाद पुलिस आरोपी रोहित के घर तक पहुंची और वहां छापा मारकर उसे हिरासत में लिया। उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर दोपहिये से मेहता का पीछा किया और उनकी बैग छीनने की बात स्वीकार कर ली।
कैसे की वारदात
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि, मेहता जब अहमदाबाद में अपने कारोबार के सिलसिले में गए थे तब रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें लूटने का प्लान बनाया। इसके बाद वे उनकी बस के पीछे अहमदाबाद से दोपहिये पर सवार होकर पिंपरी तक आए। मेहता पिंपरी चौक में एक लॉज में ठहरे थे, तब रोहित व उसके साथी येरवडा में रुके। मेहता लॉज के जिस कमरे में ठहरे थे उस कमरे में भी आरोपी गए थे लेकिन मेहता वहां नहीं मिले जिसके चलते आरोपियों का प्लान फेल हो गया। इसके बाद 25 जनवरी की सुबह सवा 10 बजे जब मेहता पिंपरी में सोने के व्यापारियों से मिलने के लिए निकले तब मौका साधकर आरोपियों ने उन्हें लूट लिया। इससे पहले उन्होंने पिंपरी के डेक्कन होंडा कार के शोरूम के सामने से एक कार की कांच तोड़कर उसमे से तीन लाख रुपए की नकदी रखी बैग भी चुराई थी। इस बारे में समीर थापर निवासी मोशी, पुणे ने पिंपरी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ये पैसे उन्होंने बच्चों के स्कूल की फीस भरने के लिए अपने एक दोस्त से उधार लिए थे।
राजस्थान में लूटपाट के मामले में भी था फरार
रोहित उर्फ लालू रिकॉर्ड पर दर्ज शातिर बदमाश है। उसके और उसके साथियों के खिलाफ राजस्थान, गुजरात, हैद्राबाद, औरंगाबाद में पांच मामले दर्ज हैं। राजस्थान में एक लूटपाट के मामले में वह फरार चल रहा था। अदालत में पेश करने पर रोहित को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया गया। इस कार्रवाई को क्राइम ब्रांच की एसआइटी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उत्तम तांगडे, सहायक निरीक्षक सतीश कांबले, राम गोमारे, उपनिरीक्षक विजय जगदाले, सहायक फौजदार सुभाष सावंत, पुलिस कर्मचारी मंगेश गायकवाड, संतोष असवले, सोमनाथ बो-हाडे, कबीर पिंजारी, विशाल भोईर, महादेव जावले, नितीन खेसे, पंजाक भदाने, प्रवीण पाटील की टीम ने अंजाम दिया।