एक लड़की ने दो दोस्तों को बना दिया जानी दुश्मन

मुंबई | समाचार ऑनलाइन

गर्लफ्रेंड के लिए दोस्त ने ही दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना महाराष्ट्र के कराड शहर की है। “तुझे कई बार कहा है कि मेरी गर्लफ्रेंड का पीछा करना छोड़ दे, फिर भी तू नहीं मानता, अब मैं तुझे नही छोड़ूंगा।” इन शब्दों के साथ ही एक दोस्त ने दूसरे को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी श्रीकांत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।  घायल युवक का नाम हर्षल गोपाल भुरके है। वह कराड का रहने वाला है। वारदात के बाद से श्रीकांत फरार है।

क्या है पूरा मामला –
श्रीकांत उर्फ चिक्या का एक युवती के साथ प्रेमसंबंध था, लेकिन कुछ दिनों पहले इस युवती ने श्रीकांत के साथ अपने प्रेम संबंधों को विराम दे दिया। श्रीकांत के साथ रिश्ता समाप्त होने के बाद युवती ने हर्षल भुरके से प्रेम संबंध बनाया। इसी वजह से हर्षल और श्रीकांत के बीच दुश्मनी हो गयी। रविवार को हर्षल अपने दोस्त दिनेश यादव के साथ प्रभात टॉकिज के पास एक पान की दुकान पर रुका हुआ था। जैसे ही दिनेश पान लेने गया, श्रीकांत अचानक वहां आया और हर्षल पर चाकू से वार कर दिया। श्रीकांत ने हर्षल की गर्दन, पेट और हाथ पर कई सारे वार किये। इस अचानक हुए हमले में हर्षल बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही।