75 रेलवे स्टेशनों पर लगाया जाएगा 100 फीट ऊंचा राष्ट्रध्वज 

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – भारतीय रेल ने देश के 75 सबसे व्यस्त स्टेशनों के परिसर में इस साल के अंत तक 100 फीट ऊंचा राष्ट्रध्वज लगाने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड ने 22 अक्टूबर को इस सिलसिले में आदेश जारी किया है जिसे सभी क्षेत्रीय रेलवे को भेज दिया गया है। आदेश के मुताबिक संबद्ध अधिकारियों से अगले महीने के अंत तक राष्ट्र ध्वज लगाने का काम पूरा करने को कहा गया है।
रेलवे बोर्ड के एग्जीक्युटिव डायरेक्टर विवेक सक्सेना द्वारा जारी इस आदेश में लिखा है, ‘बोर्ड ने फैसला किया है कि देश के सभी A1 क्लास के रेलवे स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लगाया जाए। इस काम को दिसंबर 2018 तक पूरा कर लेना है।’ बताते चलें कि मुंबई में सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे के दो जोन पड़ते हैं और यहां A1 श्रेणी के सात स्टेशन हैं।
मुंबई के सात स्टेशनों पर लगेगा तिरंगा 
ये सात स्टेशन:- छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, दादर, ठाणे, कल्याण, मुंबई सेंट्रल और बांद्रा टर्मिनस हैं। आदेश में यह भी कहा गया है, ‘झंडे को स्टेशन के उचित स्थान पर लगाया जाएगा। साथ ही झंडे के लिए फोकस्ड लाइट्स भी लगाई जाएंगी। झंडे की सुरक्षा का काम रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जिम्मे रहेगा।’

सेंट्रल रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्हें झंडा लगाने के संबंध में नोटिफिकेशन मिल गया है। वेस्टर्न रेलवे के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र भाकर कहते हैं, ‘रेलवे बोर्ड के आदेश का पालन करने के लिए हमारी टीम अपना बेस्ट देगी और समय सीमा के अंदर काम पूरा कर लेगी।’