केवल अमित शाह को ही इस्तीफा मांगने का अधिकार

वनमंत्री मुनगंटीवार ने दिया मुंहतोड़ जवाब
 
पिंपरी। संवाददाता – अवनी बाघिन के शिकार मामले से केंद्रीय मंत्री मनेका गांधी और महाराष्ट्र के वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के बीच बयानबाजी का दौर शुरू ही है। गुरुवार को पिंपरी चिंचवड शहर में पधारे वनमंत्री ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल का मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा कि, उनका इस्तीफा केवल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही मांग सकते हैं न कि मनेका गांधी। अन्य किसी को इस्तीफा मांगने का अधिकार नहीं है।
 
अपनी बात पर जोर देते हुए उन्होंने एक डॉयलॉग भी मारा कि, सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, अवनी बाघिन नरभक्षी हो चुकी थी। उसका एनकाउंटर अदालत के निर्देशानुसार ही किया गया है, उसमें किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है। पिंपरी के एच. ए मैदान पर एसोसिएशन ऑफ इन्वेस्टमेंट हॉर्टिकल्चर द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी का उदघाटन वनमंत्री मुनगंटीवार के हाथों किया गया। मराठा समाज को आरक्षण देेने को लेकर सरकार सकारात्मक है। पिछड़े वर्ग आयोग की रिपोर्ट के अनुसार ही इसका फैसला होगा, यह भी उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया।