जेएनयू में ‘कंडोम’ गिनाने वाले विधायक का भाजपा ने काटा टिकट

जयपुर: समाचार ऑनलाइन – भाजपा ने राजस्‍थान विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्‍मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट की खास बात यह है कि, इसमें कई ऐसे नाम नहीं हैं जो सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहे हैं। इसमें मंत्रियों सहित 15 विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इन सबमें एक नाम जो सबसे ज्यादा चर्चित है वो है अलवर की रामगढ़ सीट से विधायक ज्ञानदेव आहूजा का। आहूजा इस सीट से लगातार 2 बार विधायक भी रह चुके हैं।

आहूजा 2016 में अपने उस बयान से सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने कहा था कि, जेएनयू परिसर में प्रतिदिन हजारों कंडोम और सैंकड़ों इस्तेमाल किए हुए अबॉर्शन इंजेक्शन मिलते हैं। इस बार पार्टी टिकट से वंचित रहने वाले मंत्रियों में बाबूलाल वर्मा, धन सिंह रावत व राजकुमार रिणवा भी शामिल हैं। पार्टी की इस सूची में एक बार फिर से कोई मुस्लिम चेहरा नहीं है।

इसी साल अगस्त में ज्ञानदेव आहूजा ने जवाहर लाल नेहरू को लेकर विवादित बयान भी दिया था। उन्होंने कहा था कि जवाहर लाल नेहरू पंडित नहीं थे, भला सुअर और गाय मांस खाने वाला पंडित कैसे हो सकता है। गाय से हिंदुओं की आस्था जुड़ी है, तो सुअर से मुस्लिम परहेज करते हैं। जवाहर लाल नेहरू गाय और सुअर दोनों के मांस खाते थे। कांग्रेस ने उनके नाम में पंडित जोड़कर ब्राह्मणों को पार्टी से जोड़ा था।