हमारा दिया हमें लौटा रहा समुद्र: जुहू बीच पर रोजाना जमा हो रहा 40 डंपर कचरा

मुंबई | समाचार ऑनलाइन

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों के साथ-साथ समुद्र का जलस्तर भी बढ़ गया है। मुंबई के जुहू बीच पर हर रोज़ पानी के साथ बड़ी मात्रा में कचरा बाहर आ रहा है। दूसरे शब्दों में कहें तो समुद्र में जो गंदगी हमारे द्वारा फेंकी जाती है, अब समुद्र हमें वही वापस लौटा रहा है। जुहू के साथ-साथ गिरगांव, दादर, वर्सोवा, आकसा व गोराई में समुद्र किनारे प्लास्टिक का कचरा हर रोज़ जमा हो रहा है। जिसके चलते मुंबई महानगर पालिका की कसरत बढ़ गई है। पिछले 10-12 दिनों में महापालिका द्वारा समुद्र किनारों से बड़े पैमाने पर कचरा उठवाया गया है। वहीं, मुंबई के महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर का कहना है कि गिरगांव चौपाटी से मरीन ड्राइव तक हर रोज़ एक घटने स्वच्छता अभियान चलाया जाता है, लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से समुद्र का कचरा किनारों पर आ रहा है।

पिछले 25 दिनों से जुहू के सिल्वर बीच पर रोजाना 35 से 40 डंपर कचरा जमा हो रहा है। गार्डिंयन संस्था के अध्यक्ष सुनील कानोजिया का कहना है कि एक तरफ जहां देश भर में प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत अभियान से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं गंदे पड़े बीच इस अभियान के प्रति मुंबई महानगर पालिका की गंभीरता को बयां कर रहे हैं।