आईएएस बनना चाहती थी, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

गुरुग्राम | समाचार ऑनलाइन

गुरुग्राम में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस)  की तैयारी कर रही 23 वर्षीया प्रियंका मित्तल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में रविन्द्र यादव नामक युवक उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया था। बाद में अस्पताल ने युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। मृत युवती के पिता प्रेमचंद ने आरोप लगाया है कि पडोसी रविन्द्र ने ही पहले उनकी बेटी को अगवा किया और फिर मौत के घाट उतार दिया। वहीं,पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियंका और रविन्द्र पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे सेक्टर 46 में स्थित एक गेस्ट हाउस में रुके थे। इसके बाद देर रात रविन्द्र प्रियंका को अपनी गाड़ी से लेकर अस्पताल पहुंचा, और वहां उसे छोड़कर भाग गया।

सदर पुलिस स्टेशन के सहायक आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अस्पताल ने रात एक बजे के आसपास पुलिस को मृत युवती के बारे में बताया। हमने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 204 में ऐसा क्या हुआ था कि प्रियंका ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

कर रहा था परेशान

प्रियंका के पिता का कहना है कि पड़ोसी रविन्द्र यादव पिछले कुछ दिनों उसे परेशान कर रहा था, हमने उसे चेतावनी भी दी थी कि वो प्रियंका का पीछा करना छोड़ दे। उन्होंने कहा कि प्रियंका अपने होस्टल के लिए शाम 6 बजे घर से निकली और करीब 10 बजे उसने अपनी मां से कहा था कि वो होस्टल पहुँचने वाली है।

चोट के निशान नहीं

वहीं, प्रियंका के शव का पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉ. योगेंद्र ने कहा कि शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं है और ऐसा भी नहीं लगता है कि प्रियंका पर किसी तरह का कोई हमला किया गया। मृतक का पेट खाली था। पुलिस प्रियंका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।