पाकिस्तान ने भारत को दी जंग की चेतावनी

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने भारत को जंग की चेतावनी दी है। पाक सेना ने कहा है कि जब डिप्लोमसी फेल होती है तभी जंग होती है। इतना ही नहीं उसने यह भी कहा है कि आत्मरक्षा और शांति की कोशिशों को हमारी कमजोरी समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। हालांकि बाद में पाक सेना ने यह भी साफ़ किया कि भारत के साथ किसी प्रकार की जंग की फिलहाल कोई संभावना नहीं है, क्योंकि दोनों ही देश परमाणु संपन्न हैं। पाक सेना की मीडिया विंग, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने एक कहा कि शांति की हमारी इच्छा को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने 2018 की शुरुआत से लेकर अब तक भारत पर 1,077 बार संघर्षविराम उल्लंघन करने का आरोप लगाया। वैसे ये बात अलग है कि कुछ दिन पहले शांति की बात करने के बावजूद पाक सेना लगातार गोलाबारी कर रही है।

भारतीयों को समझना चाहिए
जंग की आशंका पर गफूर ने कहा कि दोनों पक्ष कई द्विपक्षीय मुद्दों को लेकर एक दूसरे के संपर्क में हैं, लेकिन भारत वार्ता के लिए तैयार नहीं है। पाक सैन्य अधिकारी ने आगे कहा कि जंग तभी होती है जब कूटनीति पूरी तरह से फेल हो जाती है। उन्होंने कहा, भारतीयों को समझना चाहिए कि वे भविष्य में कहां जाना चाहते हैं। हम दोनों परमाणु संपन्न देश हैं और युद्ध के लिए कोई जगह नहीं है।

…तो हम जवाब देंगे
मेजर जनरल गफूर ने कहा कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच 2003 के सीजफायर समझौते को मानने पर सहमति बनने के बाद कथित तौर पर भारतीय फायरिंग का पाकिस्तान ने जवाब नहीं दिया था, लेकिन जब नागरिकों को निशाना बनाया गया तभी हम जवाब देने को मजबूर हुए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, अगर भारत पहली गोली चलाता है और कोई नुकसान नहीं होता है तो हम जवाब नहीं देंगे। लेकिन यदि भारत की ओर से दूसरी गोली चलती है तो हम जरूर जवाब देंगे।