पाकिस्तान है कि मानता नहीं…खूंखार आतंकियों की लिस्ट से मुंबई हमले का मास्टरमाइंड बाहर

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : पाकिस्तान  ने गुरुवार को 1,210 मोस्ट वांटेड आतंकवादियों की सूची जारी की है। इसमें लिस्ट में मुंबई आतंकी हमले में शामिल हुए दहशतगर्द भी हैं, लेकिन हमले के मास्टमांइड को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है। इससे पाक के इरादों पर शक लाजिमी है। इसमें शामिल पहले 19 नाम किसी न किसी तरह मुंबई आतंकी हमले से जुड़े हैं। पहला नाम अजमद खान का है। वह लश्कर ए तैयबा का पूर्व सदस्य है।

उसने अल फौज़ नौका खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल मुंबई हमले के दौरान किया गया था। दूसरा नाम इफ्तिखार अली का है। इसकी पहचान लश्कर के पूर्व सदस्य के तौर पर हुई है। दिलचस्प बात यह है कि सूची में लंदन में रहने वाले मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के नेता अल्ताफ हुसैन और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के कार्यकर्ता नासिर बट्ट का भी नाम है।

दरअसल, पाकिस्तान के इरादों को लेकर संदेह उभरने का बड़ा कारण यह भी है कि हाफिज सईद के खिलाफ मुंबई के आतंकी हमले के मामले में कहीं कोई कार्रवाई होती नहीं दिखती। इसी तरह पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के मामले में भी पाकिस्तान कुछ करता हुआ नहीं दिख रहा है।  पाकिस्तान न केवल लश्कर, जैश सरीखे आंतकी संगठनों को पाल-पोस रहा है, बल्कि तालिबान और हक्कानी नेटवर्क सरीखे उन आतंकी गुटों को भी पनाह दे रहा है, जो अफगानिस्तान के लिए खतरा बने हुए हैं।

पाकिस्तान के नए लिस्ट पर आपत्ति जताते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने  कहा, ‘इस लिस्ट में लश्कर-ए-तैयबा के कुछ आतंकियों के नाम हैं। इसमें मुंबई हमलों में इस्तेमाल हुई नावों के क्रू मेंबरों के भी नाम हैं, लेकिन लिस्ट से हमले के मास्टरमाइंड और मुख्य साजिशकर्ताओं का नाम गायब है। ये लिस्ट ये दिखाता है कि उनके पास मुंबई हमले के सारे सबूत हैं। पाकिस्तान ने इस लिस्ट से मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और मुख्य साजिशकर्ताओं के नामों को ‘खुलेआम छोड़ दिया है।’