पिंपरी चिंचवड़ : कूड़े में मिले 43 जिन्दा कारतूस 

पिंपरी। संवाददाता – आये दिन अवैध असलहे मिलने से चर्चा के घेरे में रहे पिंपरी चिंचवड़ में बीती रात तब खलबली मच गई जब चिंचवड़ में कूड़ा बीनने वाली एक महिला को कूड़े में 43 जिन्दा कारतूस मिले। ये कारतूस एक लाल रंग की कैरीबैग में पाए गए। महिला ने तुंरत इसकी जानकारी पुलिस को दी। माना जा रहा है कि पुलिस के हत्थे चढ़ने के भय से किसी ने इन कारतूस को कूड़े में फेंक दिया होगा। बहरहाल पुलिस ने कारतूस को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात एक कूड़ा बीनने वाली महिला चिंचवड़ एम्पायर इस्टेट के पास कूड़ा बीन रही थी तब उसे एक लाल रंग की थैली मिली। जब उसने उसे खोलकर देखा तब उसमें कारतूस पाए गए। इतने सारे कारतूस मिलने से महिला घबरा गई और उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर देखा तब थैली में तीन अलग- अलग प्रकार के 43 कारतूस मिले। पुलिस ने कारतूसों को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शिरू कर दी है।
पिंपरी चिंचवड पुलिस आये दिन अवैध असलहे और कारतूस बरामद कर रही है। यूपी, बिहार और मध्यप्रदेश से अवैध असलहे लाकर यहाँ धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं, यह अब तक अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किये गए आरोपियों से की गई पूछताछ में सामने आ चूका है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से घबरा कर किसी ने निपटारे के लिहाज से इन कारतूसों को कूड़े में फेंक दिया होगा, यह अनुमान लगाया जा रहा है।