खडसे के इस्तीफे के बाद पिंपरी चिंचवड़ भाजपा में ‘लीकेज’ शुरु

पिंपरी। भूतपूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे द्वारा भाजपा से त्यागपत्र देने के बाद पार्टी को बड़े नुकसान की संभावना जताई जा रही थी। पिंपरी चिंचवड़ शहर भाजपा में इसकी शुरुआत हो गई है। खडसे समर्थक व पिंपरी चिंचवड शहर ओबीसी महिला मोर्चा की शहराध्यक्षा सारिका पवार ने अध्यक्ष पद के साथ भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के शहराध्यक्ष एवं विधायक महेश लांडगे को सौंपा है। उनका त्यागपत्र भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सारिका पवार पिंपरी चिंचवड शहर में भाजपा के साथ तब से जुड़ी हुई थी जब मनपा में पार्टी की न सत्ता थी न आज जिनके हाथों में पार्टी की दारोमदार है, वे पार्टी में थे। पार्टी का सदस्यता अभियान हो या जनांदोलन हर गतिविधि में शामिल होकर पार्टी संगठन बढ़ाने और मजबूत बनाने में उनका योगदान रहा। चिंचवड़ के पूर्णानगर की रहवासी रही पवार स्थानीय नागरी समस्याओं को सुलझाने में भी अग्रणी रहीं। मगर 2017 के आम चुनाव में जब उन्होंने पार्टी से उम्मीदवारी मांगी तब केवल एकनाथ खडसे समर्थक रहने के कारण उनका टिकट काट दिया गया।
अब जब एकनाथ खडसे ने भाजपा छोड़ दी है तब उनके समर्थक के नाते सारिका पवार ने भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और ओबीसी महिला मोर्चा के शहराध्यक्षा पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि खडसे मेरे करीबी रिश्तेदार हैं, उनके सम्मान में मैंने भाजपा से त्यागपत्र दिया है। सत्ता आने के बाद भी कभी भाजपा ने उनके कार्यों की दखल नहीं ली। केवल खडसे समर्थक रहने के चलते उनके साथ नाइंसाफी की गई यहां तक कि मनपा चुनाव में टिकट भी काट दिया। बहरहाल खडसे के पार्टी छोड़ने के बाद पवार का इस्तीफा पिंपरी चिंचवड़ भाजपा में ‘लीकेज’ की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।