पिंपरी चिंचवड़: १५ दिनों में म्यान में चली गयी कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे की तलवार 

पिंपरी | समाचार ऑनलाइन
वरिष्ठ स्तर से शहर संगठन की निरंतर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की पिंपरी चिंचवड़ शहर इकाई के अध्यक्ष सचिन साठे और उनकी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने मात्र १५ दिनों में ही इस्तीफे की तलवार म्यान किये जाने की जानकारी सामने आयी है। पार्टी के प्रवक्ता और शहर प्रभारी डॉ. रत्नाकर महाजन ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खर्गे और प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण के आदेशानुसार साठे और अन्य पदाधिकारियों के इस्तीफे वापस लिए जाने की घोषणा की।
8 जुलाई को सचिन साठे और विभिन पदाधिकारियों ने वरिष्ठ स्तर से शहर संगठन की निरंतर उपेक्षा किये जाने का आरोप लगाकर तब इस्तीफा दिया था, जब महाराष्ट्र के प्रभारी नियुक्त किये जाने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे पहली बार महाराष्ट्र पधारे थे। मुंबई में उनकी और प्रदेशाध्यक्ष व् सांसद अशोक चव्हाण की मौजूदगी में उन्होंने इस्तीफा दिया था तब कांग्रेस के खेमे में खलबली मच गई थी। इसके बाद से पिंपरी चिंचवड़ शहर में अपना वजूद तलाशती कांग्रेस का क्या होगा? यह सवाल उठने लगा था। मगर आज के संवाददाता सम्मेलन में साठे और उनकी टीम का इस्तीफा एक ड्रामा नजर आया। १५ दिनों में ही उन्होंने इस्तीफे की तलवार म्यान कर ली। खुद पिंपरी चिंचवड़ शहर के प्रभारी और कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. रत्नाकर महाजन ने महाराष्ट्र प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष के आदेशानुसार सभी ने अपने इस्तीफे वापस लिए जाने की जानकारी दी।
इस संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के शहराध्यक्ष सचिन साठे, महिला प्रदेश काँग्रेस की पूर्व अध्यक्षा शामला सोनवणे, सेवादल के अध्यक्ष संग्राम तावडे, प्रदेश एस.सी विभाग के उपाध्यक्ष गौतम आरगडे, महिला शहराध्यक्षा गिरीजा कुदले, जेष्ठ नागरिक संघ के लक्ष्मण रूपनर, मावल लोकसभा मतदार संघ के युवक अध्यक्ष नरेंद्र बनसोडे, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश कंधारे, अल्पसंख्यक विभाग के शहराध्यक्ष शहाबुद्दीन शेख, ओबीसी विभाग के किशोर कलसरकर,  भोसरी ब्लॉक अध्यक्ष विष्णू नेवाले, पिंपरी ब्लॉक अध्यक्ष बालासाहेब सालूँके, चिंचवड ब्लॉक अध्यक्ष परशुराम गुंजाल, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंग वालिया, प्रदेश महिला काँग्रेस सचिव बिंदू तिवारी, एनएसयूआइ के अध्यक्ष विशाल कसबे, मयुर जैस्वाल, सज्जी वर्की आदि उपस्थित थे।