महिला पत्रकार संघ की पूर्व अध्यक्षा निशा पिसे ने लगाई फांसी

पिंपरी। संवाददाता  : पिंपरी चिंचवड महिला पत्रकार संघ की भूतपूर्व अध्यक्षा और वरिष्ठ संवाददाता निशा पाटिल-पिसे गुरूवारी की रात नौ बजे के करीब फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिंपरी के नेहरूनगर स्थित उनके निवास स्थान पर यह घटना सामने आने के बाद पिंपरी चिंचवड़ शहर के पत्रकारिता क्षेत्र में खलबली मच गई है। पिंपरी पुलिस को उनका सुसाइड नोट मिल गया है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने यह कदम पारिवारिक कलह के चलते उठाया होगा। बहरहाल पुलिस ने उनके पति और ससुर को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात पौने नौ बजे निशा पाटिल- पिसे दफ्तर से घर लौटी। इसके कुछ देर बाद उनके पति प्रशांत पांडुरंग पिसे ने पिंपरी पुलिस को खबर दी कि निशा ने फांसी लगा ली है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़कर लाश को संत तुकाराम नगर स्थित पिंपरी चिंचवड़ मनपा के वाईसीएम हॉस्पिटल में पहुंचाया। यहां तड़के पोस्टमार्टम के बाद निशा की लाश उनके परिजनों को सौंप दी गई। दोपहर को जुन्नर तालुका के उंब्रज गांव नँबर 1 उनके गांव में उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया।
निशा पाटिल-पिसे के भाई महेश शिंगोटे ने पिंपरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके आधार पर पुलिस ने निशा के पति प्रशांत और ससुर पांडुरंग पिसे को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मौके से मिले निशा के सुसाइड नोट और उनके भाई महेश की शिकायत के आधार पर पारिवारिक कलह के चलते पाटिल ने खुदकुशी के कदम उठाया होगा, यह प्राथमिक अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए मामले की जांच में जुटी है। बहरहाल निशा पाटिल के इस तरह से चले जाने से शहर के पत्रकारिता क्षेत्र में शोक व्याप्त है।