पिंपरी के युवक के अपहरण और हत्याकांड की गुत्थी सुलझी

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

यौन शोषण की शिकायतकर्ता युवती को मदद करने के शक में हुई वारदात

बर्थडे सेलिब्रेशन में आए एक युवक को अगवा कर उसकी निर्मम हत्या किए जाने की वारदात की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराने वाली युवती की मदद करने के शक में यह वारदात किये जाने की जानकारी सामने आई है। आदित्य विजय खोत (25) निवासी पिंपरीगाँव, पिंपरी, पुणे नामक युवक को पिंपरी से अगवा कर उसे नांदेगाव की पहाड़ी पर लाकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे यह वारदात उजागर हुई।

पिछले दो दिन से घर नहीं लौटे आदित्य के गुमशुदा होने की शिकायत उसके परिजनों ने पिंपरी पुलिस में दर्ज कराई गई है। आज सुबह पुणे ग्रामीण पुलिस के पौड़ पुलिस थाने की सीमा में उसकी लाश मिलने से खलबली मच गई है। इस बारे में राजेश गोपीनाथ वाघमोडे ने शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार आदित्य के दोस्तों जतिन मेवाती, मोनू टाक और उनके साथियों के बारे मामला दर्ज किया गया है। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

क्या है वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें से मोनू टाक के खिलाफ एक किशोर उम्र की लड़की को अगवा कर उसका यौन शोषण करने का मामला दर्ज है। इस मामले में उसे सजा भी सुनाई गई है। जेल से बाहर आने के बाद उसे शक था कि आदित्य उस लड़की को आर्थिक मदद कर रहा है। इसी शक में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आदित्य को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। ऐसा अब तक की जांच में सामने आया है। फिलहाल आरोपियों को तलाश जारी है।

क्या है मामला

ज्ञात हो कि, आदित्य मंगलवार की रात अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गया था। पिंपरी के सुभाषनगर स्थित नदी घाट पर सभी लोग इकट्ठा हुए। यहां पर जतिन, मोनू टाक उसके साथी भी मौजूद थे। केक काटने के बाद सेलिब्रेशन पार्टी में जाने का बहाना कर आदित्य को जबरन दोपहिया पर बैठा कर ले जाया गया। लवले स्थित सिंबॉयसिस कॉलेज रोड से उसे नांदगाव की पहाड़ियों पर ले जाकर तेजधार हथियारों से उसकी गर्दन और सिर पर वार कर हत्या की गई। पौड़ पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक अनिरुद्ध गिजे को नांदगांव की पहाड़ी पर किसी की हत्या के बाद लाश फेंके जाने की जानकारी मिली। इसके बाद इस वारदात का खुलासा हुआ।