तीन दिन में जमा हुआ 1389 किलो प्लास्टिक आैर 18 किलो थर्माकोल

पिंपरी चिंचवड़ मनपा की विशेष मुहिम शुरू

पिंपरी: पुणेसमाचार ऑनलाइन

प्लास्टिक बैन के तहत कार्रवाई से पूर्व जनजागृती को प्राथमिकता देते हुए पिंपरी चिंचवड़ मनपा ने शहर में विशेष मुहिम शुरू की है। बीते तीन दिनों में मनपा अधिकारी, कर्मचारी और निजी स्वयंसेवी संस्था संगठनों ने साथ मिलकर इस मुहिम के तहत 1389 किलो प्लास्टिक और 18 किलो थर्माकोल जमा किया गया। यह मुहिम मनपा के सभी 8 क्षेत्रीय कार्यालय के परिक्षेत्रों के शॉपिंग मॉल, कॉम्प्लेक्स और अन्य सार्वजनिक स्थानों में चलाई गई।

तीन दिनों में चलाई गई इस मुहिम में महापौर नितीन कालजे, आयुक्त श्रावण हर्डीकर, अतिरिक्त आयुक्त दिलीप गावडे, स्वास्थ्य कार्यकारी अधिकारी मनोज लोणकर, क्षेत्रीय अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी, नगरसेवक, पर्यावरण संवर्धन समिति के अध्यक्ष विकास पाटील व सदस्य, कमिन्स इंडिया फाऊंडेशन और संत निरंकारी चॅरिटेबल फाऊंडेशन, व्यापारी, बिक्रेता, नागरिक, वितरक, उत्पादक आदि ने हिस्सा लिया। जमा किया गया प्लास्टिक व थर्माकोल वेस्ट मोशी कचरा डिपो के प्लास्टिक वेस्ट टू फ्यूल प्रोजेक्ट के सुपुर्द किया गया। इस मुहिम में लोगों से प्लास्टिक की बजाय कपड़े की बैग इस्तेमाल करने की अपील करते हुए प्लास्टिक बंदी कानून के बारे में जनजागृती की गई।