पुलिस सब इंस्पेक्टर के साथ धक्कामुक्की, दो गिरफ्तार

मामले में एक अन्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुणे : समाचार ऑनलाइन – देर रात तक डीजे बजाने से मना करने गए पुलिस सब इंस्पेक्टर के साथ धक्कामुक्की कर गाली-गलौज करने की घटना सामने आई है। यह घटना सोमवार की मध्यरात्रि एक बजे खड़की के शेवाले टॉवर्स पानी टंकी के पास घटी। इस मामले में खड़की पुलिस ने दो लोंगों को गिरफ्तार कर एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तनवीर शेख (उम्र 46 वर्ष, नि. सुरती मोहल्ला, खड़की) और सिद्धराम तिपन्ना यलसंगी (उम्र 30 वर्ष, नि. दर्गा कॉलोनी, खड़की) के रूप में की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी शैलेश गायकवाड़ (नि. सुरती मोहल्ला, खड़की) ने के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस सब इंस्पेक्टर एस।बी। भोसले ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार शेवाले टॉवर्स के पास सोमवार की मध्य रात्रि हल्दी का कार्यक्रम था। वहां काफी तेज आवाज में डीजे बज रहा था। मध्यरात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी मिली। इस शिकायत पर बीट मार्शल वहां पहुंचे। उन्होंने स्पीकर बंद करने के लिए कहा। लेकिन उन लोगों ने पुलिस की नहीं सुनी। दोनों तरफ से बहस होने लगी। तभी पुलिस सब इंस्पेक्टर एस।बी। भोसले वहां पहुंचे। भोसले और बीट मार्शलकर्मी के साथ वहां जमा लोग धक्कामुक्की कर स्पीकर बंद करने का विरोध किया। एक पुलिसकर्मी को गाली देते हुए धक्का दिया गया। बदमाशों ने बीट मार्शल के मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। पुलिस ने सरकारी कामकाज में अड़चन पैदा करने के मामले में केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर एच।एस। ठाकुर मामले की जांच कर रहे हैं।