प्रियंका अग्रवाल को उपराष्ट्रपति के हाथों ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार’ मिला

नीति आयोग की तरफ से प्रवासी भारतीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में वेंकैया नायडू द्वारा पुरस्कार दिया

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – मुंबई के ‘विशबेरी’ कंपनी की सह संस्थापक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रियंका अग्रवाल को उपराष्ट्रपति एम। वेंकैया नायडू के हाथों सोमवार को नई दिल्ली स्थिति नीति आयोग का ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार’ दिया गया।

नीति आयोग की तरफ से सोमवार को प्रवासी भारतीय भवन में ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार-2018’ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस अवसर पर विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में अपने कार्यों से अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली देश की 15 महिलाओं को उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमिताभ कांत व संयुक्त राष्ट्र संघ के भारतीय निवासी समन्वयक यूरी अफान्सिव उपस्थित थे।

मुंबई की ‘विशबेरी’ सृजनात्मक कार्यों के लिए क्राउड फंडिंग के जरिए फंड उपलब्ध कराने वाली कंपनी है। प्रियंका अग्रवाल की पहल से वर्ष 2012 में संस्था की स्थापना की गई। कंपनी ने अब तक सौ से अधिक प्रोजेक्ट्स को फंड उपलब्ध कराया है। ऑनलाइन फंड उपलब्ध कराने वाली यह देश की अग्रणी व सफल कंपनी है। सृजनात्मक विज्ञान प्रोजेक्ट, लो बजट की फिल्मों, गेम शो, म्यूजिक वीडियोज, नृत्य उत्सव आदि प्रोजेक्ट को संस्था ने मदद की है। 33 वर्षीय प्रियंका अग्रवाल ने बिजनेस और इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की है। ‘विशबेरी’ कंपनी के जरिए कई लोगों के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण मदद की है। उनके इस कार्य का संज्ञान लेते हुए नीति आयोग द्वारा ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार’ से उन्हें सम्मानित किया गया।

देश के औद्योगिक क्षेत्र में अपने कार्यों से अलग छाप छोड़ने वाली महिलाओं के लिए नीति आयोग की तरफ से 2016 में ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार’ देने की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष पुरस्कार के लिए ‘महिला व उद्यमशीलता’ कान्सेप्ट रखा गया था। नीति आयोग को इस वर्ष देशभर से 2300 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभिन्न जांच के बाद 15 महिलाओं को इस पुरस्कार के लिए चुना गया।

इससे पहले 2017 में महाराष्ट्र की तीन महिलाओं उस्मानाबाद की कमल कुंभार, नागपुर की हर्षिनी कन्हेकर और सातारा जिले की संगीता कांबले को ‘वुमेन ट्रान्सफॉर्मिंग पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।