2 लाख रुपए के लिए पुणे के वकील पर फायरिंग

क्राइम ब्रांच ने 16 घंटे में उजागर किया मामला
पुणे | समाचार ऑनलाइन – जमीन विवाद संबंधित केस लड़ने के लिए 2 लाख रुपए की फीस को लेकर पुणे के वकील पर फायरिंग करने का मामला उजागर हुआ है। क्राइम ब्रांच की युनिट 1 की टीम ने 16 घंटे के अंदर इस मामले की गुत्थी को सुलझा दिया। फायरिंग करनेवालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

कुरमादास बडे (32, शिरुर) ऐसा गिरफ्तार आरोपी का नाम है। आरोपी और उसके साथीदार ने एड. देवानंद रत्नाकर ढोकणे(42, येरवडा) को सोमवार की रात पौने नौ बजे के करीब येरवडा के संगमवाडी में फायरिंग की थी। फायरिंग में एड. ढोकणे गंभीर रुप से घायल हुए थे। निजी हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है। जमीन विवाद को लेकर बडे और उनकी बुआ के बीच वाद विवाद चल रहा था। इस संबंध में बडे ने कोर्ट में केस दायर किया गया था। कोर्ट में केस लड़ने के लिए एड. ढोकणे का वकीलपत्र दिया था। फीस के रुप में एड. ढोकणे को 2 लाख रुपए दिए थे। इस दौरान बडे और उनकी बुआ के बीच जमीन विवाद को लेकर कोर्ट के बाहर समझौता हो गया था। एड. ढोकणे की सलाह से ही यह विवाद सुलझ गया था। लेकिन बडे यह मानने को तैयार नहीं था। वह बार बार फोन करके और एड. ढोकणे से मिलकर फीस वापस करने की मांग कर रहा था। फीस वापस देने से एड. ढोकणे ने इंकार कर दिया था। उसके बाद आरोपी बडे ने एड. ढोकणे के खिलाफ बार एसोसिएशन में शिकायत करने की धमकी दी थी। फीस वापस नहीं मिलने के बाद बडे ने एड. ढोकणे के ऊपर फायरिंग की थी। सोमवार रात पौन नौ बजे के करीब बडे और उसके नाबालिग साथीदार ने बाइक से एड. ढोकणे की कार का पीछा किया था और संगमवाडी परिसर में उसकी कार को रोककर उसपर फायरिंग की थी।

वकील पर फायरिंग की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की तरफ रुख किया था। जांच के लिए पुलिस टीम को रवाना किया गया था। क्राइम ब्रांच ने रात भर इस मामले में जानकारी इकट्ठा की थी। इस दौरान एड. ढोकणे और उनके पक्षकार बडे को लेकर किसी बात पर वाद विवाद चलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। क्राइम ब्रांच युनिट -1 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीन भोसले-पाटिल ने इस मामले में और जानकारी निकाली थी। एड. ढोकणे पर बडे और उसके साथीदार द्वारा फायरिंग करने की बात सामने आयी थी। अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप देशपांडे, उपायुक्त शिरिष देशपांडे, सहायक आयुक्त समीर शेख के मार्गदर्शन में युनिट 1 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीन भोसले-पाटिल, उपनिरीक्षक दिनेश पाटिल, कर्मचारी सचिन जाधव, रिजवान जिनेडी, श्रीकांत वाघवले, प्रशांत गायकवाड, इमरान शेख, तुषार मालवदकर और सुधीर माने की टीम ने आरोपी कुरमादास बडे को गिरफ्तार कर उसके साथीदार को हिरासत में लिया। मामले की आगे की जांच येरवडा पुलिस कर रही है।