पुणे इसलिए है देश का सबसे अच्छा शहर

पुणे | समाचार ऑनलाइन

रहने के लिहाज से पुणे देश का सबसे अच्छा शहर है। केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी ‘इज ऑफ लिविंग इंडेक्स’ नामक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले पुणे में वो सारी खूबियाँ हैं, जो एक समृद्ध शहर में होनी चाहिए। सबसे ख़ास बात ये है कि आधुनिकता की दौड़ में भी पुणेकर अपनी संस्कृति और सभ्यता को भूले नहीं है। आइये नज़र डालते हैं इस शहर से जुड़ी कुछ ख़ास बातों पर जो इसे देश का सबसे अच्छा शहर बनाती हैं:

घूमने के कई ठिकाने

पुणे की सबसे अच्छी बात ये है कि यहाँ घूमने के लिए बहुत कुछ है। आप हसीन वादियों को निहारने से लेकर समुद्र के पानी में अठखेलियां कर सकते हैं। ट्रैकिंग करने वालों के लिए तो पुणे किसी स्वर्ग से कम नहीं है। खासकर बारिश के मौसम में इस शहर की खूबसूरती में चार चाँद लग जाते हैं। पुणे में मुलशी, खड़कवासला,पानशेत आदि डैम और ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ आसपास घूमने के लिए भी बहुत कुछ है। जैसे कि महाबलेश्वर, माथेरान, लवासा, लोनावला, अलीबाग, कोंकण, रत्नागिरी, सिंहगढ़, लोहागढ़ आदि।

महिलाओं के लिए सुरक्षित

पुणे की जो एक बात लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, वो है महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी। महिलाएं रात बे रात पुणे की सड़कों पर बेख़ौफ़ निकल सकती हैं, जबकि अन्य शहरों में उनके लिए लाइफ बिल्कुल अलग है। ईव टीजिंग और छेड़छाड़ जैसे मामले यहाँ दूसरे शहरों के मुकाबले काफी कम हैं। इसके अलावा पुणे में ट्रांसपोर्टेशन और आवास सुविधा मुंबई की तुलना में सस्ती है। चारों तरफ से हरियाली से घिरा यह शहर रिटायर्ड लोगों की भी पहली पसंद है।

[amazon_link asins=’B071DDG7GJ,B073T3DG4Y’ template=’ProductCarousel’ store=’policenama100-21′ marketplace=’IN’ link_id=’a7963ccc-9fb8-11e8-9353-f7a30686e73b’]

लाजवाब मौसम

पुणे का मौसम पूरे साल बढ़िया रहता है। न ज्यादा ठंड और न ज्यादा गर्मी, कुल मिलाकर यहाँ का मौसम संतुलित रहता है। इसलिए दूसरे राज्यों से यहाँ आकर बसने वालों को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ती। बारिश में शहर की खूबसूरती का लुत्फ़ उठाने या किसी हिल स्टेशन की यात्रा करने के लिए पुणे में रहने वालों को लंबी छुट्टी का इंतजार नहीं करना पड़ता, बस एक या दो दिन ही पर्याप्त रहते हैं। ऐसा इसलिए कि कई बेहतरीन स्थल यहाँ से बस थोड़ी ही दूरी पर हैं।

बेहतरीन शिक्षा

पुणे अपने बेहतरीन शिक्षा संस्थानों के लिए प्रसिद्ध है, यही वजह है कि देश के कोने-कोने से लोग यहाँ शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। शहर में एक से बढ़कर एक यूनिवर्सिटी एवं कॉलेज हैं, इसलिए इसे ‘ऑक्सफ़ोर्ड ऑफ़ द ईस्ट’भी कहा जाता है। इतना ही नहीं, पुणे में हर साल होने वाले ‘पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान मिली हुई है।

शानदार नाइटलाइफ़

एजुकेशन और आईटी हब होने के चलते पुणे का नाइटलाइफ कल्चर तेज़ी से बदल रहा है। महज कुछ सालों में ही यहाँ नाइट क्लब, पब आदि की भरमार हो गई है। जहाँ युवाओं से लेकर फैमिली वाले भी हैंगआउट करने नज़र आ जाते हैं। खासतौर पर मिआमी, हार्ड रॉक कैफ़े और ओकवुड का नाम पुणेकरों की जुबान पर सबसे पहले आता है। ज़्यादातर पार्टीज़ आदि के लिए कोरेगांव पार्क पहली पसंद है, जर्मन बेकरी से लेकर ओशो आश्रम भी यही है।

मजबूत आईटी सेक्टर

पुणे में आईटी सेक्टर बहुत तेज़ी से ग्रो कर रहा है। यहाँ 110 से अधिक एमएनसी हैं, पुणे भारत के कुछ सबसे बड़े आईटी पार्कों का घर है। यहाँ 5 से अधिक आधिकारिक आईटी ज़ोन हैं जिसमें हिंजवडी स्थित राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क सबसे बड़ा है।