कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘शक्ति’ देने राहुल गांधी कल मुंबई में

मुंबई। समाचार एजेंसी

एक आरएसएस कार्यकर्ता द्वारा दायर की गई याचिका की पेशी के लिए कल (मंगलवार) मुंबई पहुंच रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कायम करने और उनसे विभन्न मुद्दों पर राय लेने के लिए ‘शक्ति’ नाम की परियोजना शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरे में वे जमीनी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। मुंबई कांग्रेस प्रमुख व पूर्व सांसद संजय निरूपम ने इस पहल की जानकारी देते हुए उम्मीद जताई है कि, राहुल गांधी के इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं को नई शक्ति मिलेगी।

शक्ति परियोजना का मकसद कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कायम करना है। इस परियोजना के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और फिर उन्हें पार्टी पदाधिकारियों की ओर से मुहैया कराए गए एक फोन नंबर पर एसएमएस भेजना होगा। इस परियोजना से पार्टी में आंतरिक तौर पर संवाद का उचित प्रवाह सुनिश्चित हो सकेगा। इससे पार्टी कार्यकर्ता केंद्रीय नेतृत्व को अपने विचारों एवं सुझावों से भी अवगत करा सकेंगे। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा।

यह परियोजना राष्ट्रीय स्तर पर चलाई जाएगी। इससे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ने के साथ ही उनकी कोई शिकायतों का भी तत्काल समाधान भी हो सकेगा, इसकी शुरुआत मुंबई से की जा रही है। ज्ञात हो कि, राहुल गांधी मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के अलावा मानहानि के एक मुकदमें में भिवंडी की एक अदालत में भी पेश होंगे। उनके खिलाफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता ने मामला दर्ज कराया था। अदालत में पेशी के बाद वह पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनसे संवाद साधेंगे।