मुंबई एयरपोर्ट का रिकार्ड : एक दिन में हैंडल की एक हजार से ज्यादा फ्लाइट्स

मुंबई। पुणे समाचार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंगलवार को इस एयरपोर्ट पर 1003 विमानों का टेकआॅफ और लैंडिंग हुआ। इस तरह मुंबई एयरपोर्ट ने 5 जून को अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले इस एयरपोर्ट के नाम 24 घंटे में 988 विमानों के टेकआॅफ और लैंडिंग का रिकॉर्ड था।
सोमवार को मुंबई में भारी बारिश के चलते कई फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा था। ऐसे में छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट से रोज के मुकाबले ज्यादा फ्लाइट की आवाजाही रही। वैसे भी भारत में एक दिन में किसी एयरपोर्ट पर टेकऑफ और लैंडिंग करने वाले विमानों के लिहाज से मुंबई एयरपोर्ट सबसे व्यस्ततम है। यह दुनिया के सबसे बिजी सिंगल रनवे एयरपोर्ट्स में सेे एक है। मुंबई में एक-दूसरे को काटने वाले दो रनवे होने की वजह से अपनी दिक्कतें हैं। इसमें चाहकर भी ज्यादा विमान उड़ाए या उतारे नहीं जा सकते।

लंदन के गेटविक को पछाड़ा 
लंदन का गेटविक एयरपोर्ट कुल उड़ानों के मामले में मुंबई से पीछे है, मगर गुणवत्ता के मामले में वह आगे है। मुंबई एयरपोर्ट पर एक घंटे में 46 उड़ानों का संचालन संभव हैं। गेटविक एयरपोर्ट पर व्यस्त समय में 55 उड़ानें संचालित की जाती हैं। गेटविक एयरपोर्ट मध्यरात्रि से लेकर तड़के पांच बजे तक बंद रहता है, जबकि मुंबई एयरपोर्ट 24 घंटे काम करता है। इसीलिए छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट सबसे ज्यादा उड़ानों के मामले में गेटविक से आगे निकल गया।