आसमान से बरसी राहत मुंबई के लिए बनी आफत, 3 मरे

मुंबई: आसमान से बरस रही राहत मुंबईवासियों के लिए आफत में तब्दील हो गई है। मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते अधिकांश सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, इसके अलावा रेल लाइन भी डूब गई हैं। जानमाल के नुकसान की ख़बरें अब आने लगी हैं। वडाला इलाके के एंटॉप हिल में जमीन धंसने से एक साथ 15 से 20 कारें मलबे में समा गईं, वहीं ठाणे के एक आवासीय परिसर में अहाते की 65 फीट की दीवार के ढह जाने से उसके नीचे दो कारें और अन्य वाहन दब गए। इससे पहले रविवार को दक्षिण मुंबई में मेट्रो सिनेमा के नजदीक पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। ऐसे ही अंबरनाथ तालुका के वाडोल गांव में देर रात दीवार ढहने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई जबकि उसके माता-पिता घायल हुए हैं।

गिरती चली गई कारें
एंटॉप हिल इलाके में सोमवार सुबह एक रिहायशी बिल्डिंग के पास अचानक जमीन धंसने से अफरातफरी मच गई। परिसर में खड़ीं कारें एक-एक कर मलबे में समाती चली गईं। दरअसल, बिल्डिंग के पास ही निर्माणकार्य चल रहा है, लोगों का कहना है कि इसके चलते ही जमीन धंसी। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी
उधर, बारिश ने लोकल ट्रेन सेवाओं को भी बुरी तरह प्रभावित किया, कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। भारी बारिश को देखते हुए स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई हैं। खासतौर पर मुंबई के धारावी, सायन, बांद्रा, कुर्ला और चेंबूर की सड़कें तालाब बन चुकी हैं। वहीं, चेंबूर ईस्ट, दादर के टीटी सर्कल और हिंदमाता, खार, अंधेरी और मलाड, चुनाभट्टी, वडाला, गामदेवी, सांता क्रूज-चेंबूर लिंक रोड के हालात भी ख़राब हैं।