बाढ़ से राहत मगर पूर्वस्थिति में नहीं लौटा जनजीवन 

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – तीन दिन की मूसलाधार बारिश ने मंगलवार को थोड़ी राहत दी है। पवना और मुलशी डैम से पानी छोड़ने का प्रमाण कम होने से नदी का जलस्तर भी घटा है। हालांकि पिंपरी चिंचवड़ शहर में जनजीवन पूर्वस्थिति में लौटने में अभी कम से कम दो दिन का वक्त और बीतेगा। इस बाढ़ में दापोड़ी, सांगवी इलाके सर्वाधिक प्रभावित हैं। इस बाढ़ से शहर के करीबन सात हजार लोग प्रभावित हुए हैं। उनके घरों के सामानों का काफी नुकसान हुआ है। शहर के दानी व्यक्तियों, संस्थाओं, कंपनियों से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील महापौर राहुल जाधव और स्थायी समिति अध्यक्ष विलास मडिगेरी ने की है।
पवना, मुलशी डैम क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से पिंपरी चिंचवड शहर से बहने वाली पवना, मुला और इंद्रायणी नदी में बाढ़ आयी। नदी किनारे बसी झुग्गी बस्तियों, चालों और हाऊसिंग सोसायटियों को इससे काफी नुकसान पहुंचा है। यहां के लोगों को मनपा द्वारा मनपा स्कूलों और अपनी दूसरी मिलकीयतों में शिफ्ट किया गया। यहां उनके रहने, खाने- पीने, इलाज आदि का प्रबंध किया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में विधायक लक्ष्मण जगताप, महेश लांडगे, महापौर राहुल जाधव, स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी, विपक्ष के नेता नेता नाना काटे, आयुक्त श्रावण हार्डीकर, अतिरिक्त आयुक्त संतोष पाटिल समेत स्थानीय नगरसेवकों ने परोक्ष मुआयना कर राहत कार्य में हिस्सा लिया। आज सुबह पुणे जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों के साथ दौरा किया। उनके साथ राज्यमंत्री बालासाहेब भेगडे, पुणे के विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी व मनपा आयुक्त भी मौजूद थे। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावितों को हर्जाना देने की प्रक्रिया शुरू करने और बाढ़ जैसी विपदा के दौरान लोगों का नुकसान टालने के लिहाज से उपाययोजना करने के आदेश दिए।
शहर के जनप्रतिनिधियों, मनपा के दमकल, आपदा प्रबंधन विभाग, एनडीआरएफ की तत्परता के चलते कोई हताहत नहीं हुई मगर लोगों का काफी नुकसान हुआ है। इस बाढ़ से करीबन सात हजार लोग प्रभावित हुए हैं। उनके नाश्ते, भोजनादि के प्रबंध में टाटा मोटर्स, बजाज, थिसेन ग्रुप, एक्साईड बँटरी, पिंपरी चिंचवड हॉटेल असोसिएशन, राष्ट्रीय सेवक संघ ने काफी मदद की। हालांकि इस विपदा से उबरने और जनजीवन पूर्वस्थिति में लौटने में कम से कम दो दिन का समय बीतेगा। इस बाढ़ से लोगों के घरेलू सामान और अन्य काफी नुकसान हुआ है। उनकी मदद के लिए दानी कंपनियां, उद्यमी, एनजीओ, नागरिक, बचत गुट, गणेश मंडल आदि से अनाज, कपड़ों आदि मदद के लिए आगे आने की अपील की गई है। इस मदद के लिए सहायक आयुक्त प्रविण आष्टीकर (9689931280), आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख ओमप्रकाश बहिवाल (7276771077), कार्यालय (020- 67331158) पर संपर्क करने की अपील महापौर राहुल जाधव और स्थायी समिति अध्यक्ष विलास मडिगेरी ने की है।