हरियाणा के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर का इस्तीफा (लीड-1)

नई दिल्ली (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पार्टी की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने शनिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। तंवर पिछले महीने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद से नाराज चल रहे थे और इसी सप्ताह उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के यहां स्थित आवास के बाहर धरना दिया था। उन्होंने पार्टी पर चुनाव के लिए सीटों पर उम्मीदवार चुनने में धांधली का आरोप लगाया था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि हरियाणा में धन बल का उपयोग किया गया है और आम कार्यकर्ताओं को नजरंदाज किया गया है।

पार्टी के दलित चेहरा रहे तंवर ने ट्वीट किया, “पार्टी कार्यकर्ताओं से लंबे विचार-विमर्श के बाद और सभी कांग्रेसियों और जनता की भलाई के लिए मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं।”

उन्होंने सोनिया गांधी को चार पन्नों का पत्र लिखकर कहा कि ‘कांग्रेस पार्टी में अस्तित्व का संकट उसके राजनीतिक विरोधियों के कारण नहीं, बल्कि आंतरिक अंतरविरोधों के कारण पैदा हुआ है।’

उन्होंने कहा कि कमजोर और गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले परिश्रमी कार्यकर्ताओं की कोई इज्जत नहीं है और लगता है कि धन, ब्लैकमेलिंग और दवाब की नीति काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वार्थी लोग पार्टी को खत्म कर रहे हैं और उनके जैसे कई लोग इसके पीड़ित हैं।

हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होना है।

इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस की मुंबई इकाई के पूर्व अध्यक्ष संजय निरूपम ने भी आरोप लगाया था कि पार्टी में चुगली करने वालों का बोलवाला है और राहुल गांधी के करीबियों को जानबूझ कर किनारे किया जा रहा है।

हालांकि कांग्रेस ने निरूपम के इस आरोप को खारिज कर दिया था।

visit : punesamachar.com