सचिन तेंडुलकर के कोच रमाकांत आचरेकर का निधन

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – क्रिकेट के महान कोच रमाकांत आचरेकर का मुंबई में आज निधन हो गया। वह 87 साल के थे। उनका निधन शिवाजी पार्क के पास दादर स्थित उनके आवास पर हुआ। उन्हें क्रिकेट में दिए योगदान के लिए पद्म श्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। रमाकांत आचरेकर की कोचिंग में ही सचिन तेंडुलकर, विनोद कांबली, अजित अगरकर, चंद्रकांत पंडित और प्रवीण आमरे सरीखे कई दिग्गज क्रिकेटरों ने अपने खेल को निखारा। बचपन में सचिन के बड़े भाई अजीत तेंदुलकर उन्‍हें कोचिंग के लिए रमाकांत अचरेकर के पास लेकर गए थे।

सचिन हमेशा कहते है कि अचरेकर सर की इस डांट ने उन्‍हें अनुशासन का ऐसा पाठ पढ़ाया जो उनके लिए बेहद काम आया। 1932 में मुंबई में जन्में रमाकांत विट्ठल आचरेकर काफी दिग्गज क्रिकेट कोच रहे हैं। वह मुंबई क्रिकेट टीम के चयनकर्ता भी रहे हैं। रमाकांत अचरेकर को दुनिया सचिन तेंदुलकर के गुरू के रूप में याद रखेगी। खुद सचिन भी मानते हैं कि ये रमाकांत अचरेकर की ही कोचिंग थी जिसने उन्हें क्रिकेट में इतना बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर अक्सर अपने कोच के घर जाकर उनकी सेहत की जानकारी लेते रहते थे।आचरेकर को क्रिकेट में योगदान के लिए द्रोणाचार्य अवॉर्ड और पद्म श्री अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। आचरेकर के निधन की खबर सुनकर भारतीय क्रिकेट में शोक की लहर दौड़ गई।