सोशल मीडिया पर ट्रोल हुई भाजपा

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन
तमाम राजनीतिक उठापटक के बाद फ्लोर टेस्ट के पहले ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने विधानसभा में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्लोर टेस्ट से पहले ही विधानसभा में येदियुरप्पा ने भावुक भाषण देते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने रास्ता आसान बन गया है। इस फैसले के चंद मिनटों में ही भाजपा और उसके समर्थक सोशल मीडिया पर ट्रोल होने शुरू हो गए। ‘कहां गायब हो गए हो भक्तों’ जैसे सवालों से भाजपा समर्थकों की खिल्ली उड़ाई जाती रही।
फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा में भावुक होकर भाषण, जिसमें इस्तीफे की घोषणा भी शामिल थी, देने के बाद इस बार मात्र ढाई दिनों के मुख्यमंत्री साबित हुए येदियुरप्पा ने राज्यपाल वाजुभाई से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्य में अब जनता दल सेक्युलर और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। ज्ञात हो कि, विधानसभा में भाजपा को बहुमत साबित करने के लिए 110 सीटों की जरूरत थी जबकि चुनाव में उसे 104 सीटें मिली है। ऐसे में बहुमत साबित करने के लिए भाजपा को 6 और सीटों की जरूरत थी। जनता दल सेक्युलर और कांग्रेस ने दावा किया था कि, जेडीएस (38) और कांग्रेस (78) गठबंधन के पास 116 सीटें है जो बहुमत के आकंड़े से 6 सीटें ज्यादा है।
अब जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। ढाई दिन में ही भाजपा की सरकार गिरने से विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस में उत्साह का माहौल बना हुआ है। चुनाव के नतीजे सामने आने और भाजपा के नम्बर 1 पार्टी बनने के साथ ही भाजपा ने विपक्षी दलों विशेष तौर पर कांग्रेस को सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया था, जिसमें खास तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाया गया। अब जब पूरा दांव उल्टा पड़ गया तब कांग्रेस और विपक्षी दलों ने अपना बदला लेने के लिहाज से भाजपा और उसके समर्थकों को ट्रोल करना शुरू कर दिया। ‘सत्यमेव जयते’, ‘प्रजातन्त्र की हत्या होते होते बची’, ‘कहां गायब हो गए हो भक्तों’ जैसे पोस्ट चन्द मिनटों में ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।