जम्मू कश्मीर से हटा अलग झंडा, लहराता दिखा सिर्फ तिरंगा, ऐसा था जम्मू कश्मीर का अलग झंडा

श्रीनगर : समाचार ऑनलाइन – जम्मू- कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद सचिवालय से राज्य का झंडा हटा दिया गया है। अब यहां सिर्फ तिरंगा लहरा रहा है। बता दें कि पिछले हफ्ते तक जम्मू-कश्मीर में तिरंगे के साथ-साथ राज्य के झंडे को भी फहराया जाता था। इसे कल दोपहर करीब 2.30 बजे श्रीनगर सचिवालय से जम्मू कश्मीर का झंडा उतारा गया। पांच अगस्त को मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के कई प्रावधानों को खत्म करने का फैसला किया था।

बता दें कि आर्टिकल 370 से जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा हासिल था। आर्टिकल 370 के तहत जम्मू-कश्मीर का अपना संविधान और झंडा था। देश के किसी दूसरे राज्य के पास अपना झंडा नहीं है। जम्मू कश्मीर में राष्ट्रपति के आदेश से अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधान हटा दिए गए हैं और साथ ही राज्य का पुनर्गठन भी किया गया। अब जम्मू कश्मीर और लद्दाख दो अलग अलग केंद्र शासित प्रदेश हैं। इनमें से जम्मू कश्मीर में अपनी विधानसभा होगी जबकि लद्दाख बिना विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश होगा।

ऐसा था जम्मू कश्मीर का अलग झंडा –
7 जून 1952 को जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडे की मंजूरी दी गई थी। आर्टिकल 370 हटने से पहले तक सचिवालय पर दोनों झंडे लगते थे। तिरंगे के साथ-साथ जम्मू कश्मीर का झंडा भी लगा दिख रहा है। अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर को अपना झंडा रखने की इजाजत थी जो लाल रंग का था जिस पर खड़ी तीन सफेद पट्टियाँ और एक सफेद हल था। जम्मू कश्मीर के झंडे को तिरंगे झंडे के साथ प्रतिदिन सचिवालय पर फहराया जाता था।

गौरतलब हो कि राज्य के प्रमुख नेताओं और अलगाववादियों को हिरासत में लिया गया था जो अब भी नजरबंद बने हुए हैं। धीरे धीरे राज्य में हालात सामान्य करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में लागू की गई धारा 144 में धीरे धीरे ढील दी जा रही है।