पुत्रप्राप्ति और गुप्तधन निकलवाने का झांसा देकर 5 बहनों का यौन उत्पीड़न

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – पुत्रप्राप्ति और घर में रहे गुप्तधन निकलवाने का झांसा देकर एक भोंदू बाबा द्वारा एक ही घर की पांच बहनों का यौन उत्पीड़न किये जाने का सनसनीखेज मामला पिंपरी चिंचवड़ में सामने आया है। इन पांच में से एक शादीशुदा बहन के साथ इस भोंदू बाबा की जबरन शादी भी कराए जाने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। 22 जनवरी से 21 फरवरी के बीच पिंपरी के नेहरूनगर इलाके में यह घटना घटी है।
सोमनाथ कैलास चव्हाण (32, निवासी खैरेवाडी, रोहा, रायगड) ऐसा इस भोंदू बाबा का नाम है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एक 22 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर पिंपरी पुलिस ने भारतीय दंड विधान की धारा 354, 354 (ए), 376, 376 (1) (ए), 376 (3), 376 (ए बी), 494, 496, पोक्सो, महाराष्ट्र नरबलि व अन्य अमानवीय अनिष्ट व अघोरी प्रथा व जादूटोना प्रतिबंध व उच्चाटन कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भोंदू बाबा ने शिकायतकर्ता महिला के परिवार को बताया था कि उनके घर में पुत्र न जन्मे इसके लिए उनकी किसी रिश्तेदार महिला ने घर के हर सदस्य पर ‘करनी’ कर रखी है। यही नहीं उनके घर में एक सोने की गगरी, एक भगवान गणेश की मूर्ति और सात बक्सों में गुप्तधन छिपा हुआ है। उसने घर की एक बेटी की जान को खतरा रहने का डर भी दिखाया। पुत्रप्राप्ति, गुप्तधन निकलवाने और बेटी की जान बचाने के लिए पूजा पाठ एवं नग्न पूजा करनी होगी, यह उपाय घरवालों को बताया।
पूरी पूजा पाठ के लिए तीन लाख रुपए का खर्च आएगा और उसकी अपनी दक्षिणा 11 हजार रुपए देनी होगी, यह भी भोंदू बाबा ने बताया था। साथ ही 15 दिन के भीतर यह पूजा पाठ नहीं की गई तो घर के सभी सदस्यों की जान पर बड़ी आफत आ जायेगी, यह डर भी दिखाया। उसके झांसे में आकर घरवाले पूजा पाठ के लिए तैयार हो गए। उनसे पैसे ऐंठकर भोंदू बाबा शिकायतकर्ता महिला की पांच बहनों को एक कमरे में ले गया और कमरा भीतर से बन्द कर दिया। इसके बाद उनके साथ दुराचार किया और धमकी दी कि अगर उन्होंने इस बारे में किसी को बताया तो वह अपनी दैवीय शक्ति से उनके माता- पिता को जान से मार देगा।
भोंदू बाबा यहीं नहीं रुका उसने घर की एक बेटी के साथ पूजा-पाठ के बहाने से तीन बार दुष्कर्म किया। इसके बाद शादीशुदा रहने के बावजूद उसने उस लड़की के साथ जबरन शादी भी रचाई। जब वह उसके साथ भागने की कोशिश में था, तब उसका पूरा काला कारनामा सामने आया। उसके अत्याचार से पीड़ित घर की बेटियों ने उसकी पूरी करतूत सबको बता दी। इसके बाद पिंपरी पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके अनुसार भोंदू बाबा सोमनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी दो शादियां हो चुकी है और दो संतानें भी है, यह भी सामने आया है। उसने जादू टोने के नाम पर और किसी का शोषण किया है क्या, घर की बेटी को भगाकर कहाँ ले जाना चाहता था ऐसे कई सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।