अहमदनगर में राकांपा नेता सहित दो की हत्या

अहमदनगर :पुणे समाचार

अहमदनगर में एक बार फिर से कानून और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं,  केडगांव में दो शिवसैनिकों की हत्या का मामला ताजा होने के बावजूद जामखेड में दो अज्ञातों द्वारा दो लोगों पर फायरिंग करने की घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है, फायरिंग करने की वजह अबतक अस्पष्ट है। इस घटना में एक युवक राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस संगठन का जिला महासचिव था।

योगेश रालेभात (30) और राकेश रालेभात (25) की मौत हो गई है। जामखेड में मार्केटयार्ड इलाके में शनिवार की शाम पौने पांच बजे के करीब दो लोग बाइक पर आए और फायरिंग करके फरार हो गए। दोनों बाइकसवारों ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। जिसकी वजह से उनकी पहचान नहीं हो सकी, फायरिंग के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। फायरिंग के बाद से इलाके में मौजूद नागरिक डर के मारे यहां वहां भागने लगे थे। इलाके में भय का वातावरण निर्माण हो गया था।

दोनों की बॉडी को हॉस्पिटल में भेज दिया गया है। अहमदनगर के पालकमंत्री राम शिंदे भी जिला सरकारी हॉस्पिटल में पहुंच चुके हैं। हॉस्पिटल में बड़े पैमाने में लोगों की भीड़ हैं, लोगों में तनाव का वातावरण देखा जा सकता है। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का बंदोबस्त किया है।