योगी सरकार ‘आगरा’ का नाम बदलने की तैयारी में , यह हो सकती है नई ‘पहचान’

आगरा : समाचार ऑनलाइन – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इलाहाबाद और फैजाबाद के बाद अब ताज नगरी आगरा का नाम बदलने की तैयारी में हैं। सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक, आगरा का नाम अब अग्रवन हो सकता है। बता दें कि सरकार ने इसकी जिम्मेदारी अंबेडकर यूनिवर्सिटी को सौंपी है। यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग से नामों से संबंधित सुझाव भेजने को कहा गया है।

नए नामों को लेकर योगी सरकार इतिहासकारों से भी बातचीत भी कर रहे है। इतिहास के जानकारों के मुताबिक, आगरा का नाम अग्रवन हुआ करता था।  शासन अब ये साक्ष्य तलाशने की कोशिश कर रहा है कि अग्रवन का नाम आगरा किन परिस्थितियों में किया गया। ताजमहल के शहर आगरा का प्राचीन काल में किस नाम से जाना जाता था इसकी सटीक जानकारी के लिए आम्बेडकर यूनिवर्सिटी इतिहासकारों की राय जानेगी।

आगरा का प्राचीन नाम अग्रवन होने की बात दर्ज –
इतिहासकारों की मानें तो आगरा को महाभारत काल में अग्रवन या अंगिरा नाम से जाना जाता था। मुगलकाल में इसकी पहचान आगरा के रूप में हुई। तवारीख-ए-आगरा पुस्तक में भी आगरा का प्राचीन नाम अग्रवन होने की बात दर्ज है।  ऐतिहासिक नगर आगरा का मुख्य इतिहास मुगल काल से जाना जाता है, लेकिन इस नगरी का संबंध महर्षि अंगिरा से रहा है। इतिहासकारों के मुताबिक अग्रवन नाम ही आगे चलकर आगरा बन गया।

बता दें कि योगी सरकार में इलाहाबाद और फ़ैजाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज व अयोध्या किया जा चुका है। इसके अलावा मुगलसराय स्टेशन का नाम पंडित दीनदयाल उपध्याय जंक्शन किया गया है।