सातारा में सरकारी वकील के घर पर पथराव

सातारा। पुणे समाचार आॅनलाइन

सातारा शहर के कृष्णानगर इलाके में तब खलबली मच गई जब यहां रहने वाले एक सरकारी वकील के घर पर अज्ञात लोगों ने अचानक से पथराव कर दिया। यह पथराव एड विकास पाटिल- शिरगावकर के घर पर किया गया है। इसमें किसी के चोटिल होने की कोई खबर नहीं है, मगर इससे घर के लोगों में घबराहट फैली है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पंचनामा कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एड पाटिल अपने परिवार के साथ कृष्णानगर में रहते हैं। वे सातारा जिला न्यायालय में जिला सरकारी वकील हैं। कई मामलो में वे विशेष सरकारी वकील के तौर पर नियुक्त हैं। शुक्रवार को वे जिला अदालत गए थे, घर पर उनकी पत्नी और बच्चे थे। दोपहर ढाई बजे के करीब चार से पांच लोगों ने अचानक से उनके घर पर पथराव कर दिया। इसमें घर की कांच टूट गई। घर के सभी लोग घबरा गए और मदद के लिए चीखने चिल्लाने लगे। उनके शोरगुल से पथराव करनेवाले भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।