सिडको के फ्लैट्स व शॉप्स की सर्वे रिपोर्ट वेबसाइट पर उपलब्ध 

नवी मुंबई के लोगों के लिए सिडको से जुड़ी प्रॉपर्टी के बारें में जानकारी प्राप्त करना हुआ आसान
नवी मुंबई : समाचार ऑनलाइन – सिडको द्वारा बनाए गए फ्लैट्स और शॉप्स की अपडेटेड जांच रिपोर्ट सिडको की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इस रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उसकी जांच की सुविधा भी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई है। सिडको  ने वेबसाइट पर दी गई जानकारी में किसी  भी तरह की गड़बड़ी को दुरुस्त कराने के लिए सिडको के कॉमर्स विभाग में आवेदन करने की अपील की है।
सिडको बोर्ड ने सिडको की स्थापना के बाद से आज तक विभिन्न हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। इन हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के फ्लैट्स व शॉप्स की अपडेटेड कम्प्यूटराइज्ड जानकारियां इकट्ठी करनी जरूरी है। सिडको के विभिन्न संबंधित विभागों के पास ये जानकारियां उपलब्ध है।नवी मुंबई मनपा, महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी, विभिन्न सरकारी गृहनिर्माण संस्थाओं के पास भी ये जानकारियां उपलब्ध है।इन सभी जानकारियों को एकत्रित कर उसकी जांच कर उसे अपडेट किया जाना था।
सिडको बोर्ड द्वारा विभिन्न नोड्स में बनाए गए फ्लैट्स की जानकारियों को अपडेट करने के लिए मेसर्स धृव कंसल्टेंसी सर्विसेस लिमिटेड को सर्वे का काम सौंपा गया था।इस सर्वे के लिए सिडको ने एक प्रश्‍नावली तैयार की थी। प्रश्‍नावली को एससीटी और एससीएस दो भागों में बांटा गया था। इन प्रश्‍नों को रेसीडेंशियल और कॉमर्शियल इस्तेमाल के हिसाब से निश्‍चित कर हर प्रॉपर्टी के गेट पर मार्कर से लिखा गया था। हर प्रॉपर्टी के गेट पर मार्कर से लिखे गए क्रमांक की प्रश्‍नावली एजेंसी के प्रतिनिधियों के जरिए फ्लैटधारकों व दुकानदारों से भराई गई।
इन प्रश्‍नों के साथ फ्लैटधारकों व दुकानदारों को आवश्यक डाक्यूमेंट्स की फोटाकॉपी लगानी थी। इसके अलावा इन फ्लैटधारकों व दुकानदारों द्वारा प्रश्‍नावली नहीं भरे जाने व डाक्यूमेंट्स उपलब्ध नहीं होने की जानकारी भी सिडको द्वारा उपलब्ध कराए गए सूची में  है।इस सर्वे के जरिए भरे गए प्रश्‍नावली व उसके साथ जोड़े गए डाक्यूमेंट्स को स्केन कर कम्प्यूटर में सुरिक्षत किया गया है।इससे प्राप्त जानकारियों का विश्‍लेषण कर फ्लैट्स व शॉप्स की अपडेटेड जांच रिपोर्ट तैयार की गई है। इस जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उसकी जांच की सुविधा नागरिकों को उपलब्ध कराई गई है।