ठाणे की महिला की न्यूजीलैंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

ठाणे : समाचार ऑनलाइन – मूल रूप से ठाणे निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में न्यूजीलैंड में मौत हो गई। वह पांच महीने की गर्भवती थी। न्यूजीलैंड पुलिस ने शुक्रवार को महिला की लाश नॉर्थ आइसलैंड के वॉइट रॉक बीच से बरामद की। मृतक का नाम सोनम शेलकर (26) है। वह इसी साल जुलाई में न्यूजीलैंड गई थी।

जानकारी के अनुसार, फिटनस ट्रेनर सोनम की शादी सागर शेलकर (32) से पिछले साल दिसंबर में हुई थी। सागर पेशे से शेफ है और वेलिंग्टन में रहता है। 17 नवंबर को सोनम अपार्टमेंट से अचानक लापता हो गई, जिसके बाद उसके पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पांच महीने की गर्भवती सोनम का अल्ट्रासाउंड हुआ था। रिपोर्ट आने के बाद से वह काफी परेशान थी। स्थानीय पुलिस सोनम की मौत के बारे में कुछ कहने को तैयार नहीं है।

पुलिस ने एक प्रेस नोट जारी करके लोगों से पूछा है कि 16 और 17 नवंबर को सोनम को किसने देखा था या उनके संपर्क में कौन था? पुलिस अपार्टमेंट और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। डिटेक्टिव सीनियर सार्जेंट वैरविक मैकी ने बताया कि पुलिस अभी लोगों से यह पूछ रही है कि किसने आखिरी बार सोनम को देखा था?

ठाणे ईस्ट की आदर्श कॉलोनी में रहने वाला सोनम का परिवार भी खामोश है। परिवार के एक सदस्य ने नाम न छापने के शर्त पर बताया कि उसकी हाल ही में सोनम से बात हुई थी, लेकिन उसने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट को लेकर किसी भी तरह के तनाव का जिक्र नहीं किया था। सोनम के पास तनाव में आने का कोई कारण नहीं था। हम सोनम के शव को भारत नहीं लाएंगे, उसका अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा।