शहर भक्ति में डूबा था, चोर-लुटेरों ने लोगों को बनाया निशाना

पुणे : समाचार ऑनलाइन

दोनों पालकियां सोमवार को पंढरपुर की ओर रवाना हो चुकी हैं, हजारों-लाखों की तादाद में भक्तों का हुजूम उनके साथ चल रहा है। शनिवार और रविवार को जगतगुरु संत तुकाराम महाराज और ज्ञानेश्वर माउली की पालकियां पुणे में थीं, इस दौरान जहाँ पूरा शहर भक्तिमय माहौल से सराबोर था, वहीं चोरों ने भी इसका भरपूर फायदा उठाया। चोरों ने फुरसुंगी निवासी जयकुमार बारने के घर पर उस समय धावा बोला, जब वो परिवार सहित पालकी के दर्शन के लिए गए थे। चोर दरवाज़ा तोड़कर घर में घुसे और 1 लाख 59 हजार 7850 रुपए के जेवर आदि लेकर फरार हो गए। बारने जब वापस लौटे तो उन्हें चोरी का पता चला, इसके बाद उन्होंने हड़पसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया।

वहीं, मंगलवार सुबह 9 बजे के आसपास भी लुटेरों के तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन पर हाथ साफ़ कर लिया। पहली घटना हड़पसर इलाके की है, यहां के शेवालवादी में एक 45 वर्षीय महिला जगतगुरु संत तुकाराम महाराज की पालकी के दर्शन के लिए गयी थी। इसी दौरान, लुटेरे उनके गले से 67 हजार 500 रुपये क़ीमत की चेन छीनकर फरार हो गए। इसी तरह 23 वर्षीय युवती भी लुटेरों का शिकार बनी, उसके गले से 25 हजार रुपए कीमत वाला मंगलसूत्र उड़ा लिया गया। दोनों महिलाओं ने हड़पसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की है। वही दूसरी घटना में 38 वर्षीय महिला के गले से लुटेरे 30 हजार रुपए का मंगलसूत्र तोड़कर ले गए। पीड़िता ज्ञानेश्वर माउली की पालकी का दर्शन करने पहुंची थी। महिला ने वानवडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है।