मेट्रो का निगड़ी तक होगा विस्तार; राज्य सरकार ने दी हरी झंडी

1048.22 करोड़ के डीपीआर को मंजूरी
पिंपरी। संवाददाता – पुणे मेट्रो का पहला चरण स्वारगेट से पिंपरी की बजाय निगड़ी तक विस्तारित करने की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। पिंपरी से निगड़ी तक मेट्रो मार्ग के विस्तार के लिए महामेट्रो द्वारा तैयार किये गए 1048.22 करोड़ खर्च के डीपीआर (डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को बुधवार को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। पिंपरी चिंचवड मनपा की सर्व साधारण सभा में यह डीपीआर दिसंबर 2018 में मंजूर किया गया था, जिसे राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया था। अब इसे केंद्र सरकार से मंजूरी मिलनी बाकी है।
पुणे और पिंपरी चिंचवड में महामेट्रो द्वारा मेट्रो परियोजना चलाई जा रही है। फिलहाल इसके पहले चरण में स्वारगेट से पिंपरी तक के मार्ग का निर्माण कार्य शुरू है। दिसंबर 2019 तक पिंपरी से खड़की रेंजहिल तक का मेट्रो मार्ग शुरू करने की कोशिश है। नवंबर 2021 तक रेंजहिल से स्वारगेट तक मार्ग शुरू होगा। पिंपरी की बजाय निगड़ी से स्वारगेट तक मेट्रो शुरू करने पर पिंपरी चिंचवड शहरवासियों को ज्यादा लाभ मिलेगा। साथ ही निगड़ी सीधे स्वारगेट, मंडी, फड़के हौद, शिवाजीनगर, सिविल कोर्ट आदि क्षेत्रों से जोड़ा जा सकेगा। यह तर्क देकर निगड़ी तक मेट्रो बढाने की मांग की जा रही थी। इसका डीपीआर भी तैयार किया गया है जिसे आज राज्य सरकार से मंजूरी मिल गई।