‘बहुत हुई महंगाई की मार, कहां गई मोदी सरकार’

पुणे समाचार

तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन रफ़्तार पकड़ने लगे हैं। गुरुवार को पिंपरी चिंचवड़ के आंबेडकर चौक पर राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष वैशाली कालभोर के नेतृत्व में मूल्य-वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘बहुत हुई महंगाई की मार, कहां गई मोदी सरकार’ जैसे नारे लगाये।

वैशाली कालभोर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर देशभर में हाहाकार मचा हुआ है। कर्नाटक चुनाव खत्म होने के बाद से कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और इसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। सब्जियों से लेकर खाने-पीने का हर सामान महंगा हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि इतना सब होने के बाद भी मोदी सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। खुद पीएम मोदी इस मुद्दे के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लगातार महंगाई बढ़ाकर मोदी सरकार देश को बर्बादी के कगार पर ले आई है। इससे आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इस आंदोलन में राष्ट्रवादी के शहराध्यक्ष संजोय वाघेरे, दत्ता साने, डब्बू आसवानी और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।