तेल की आग में जलेंगे हाथ: एमपी और राजस्थान हार सकती है भाजपा

नई दिल्ली

तेल की बढ़ती कीमतों को हल्के में लेना मोदी सरकार और भाजपा को बहुत भारी पड़ सकता है। अगर ऐसे ही हाल रहे तो भाजपा को इस साल के अंत में मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों में झटका लगना तय है। मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर एबीपी न्यूज़ और सीएसडीएस-लोकनीति द्वारा किए गए संयुक्त सर्वे में यह निकलकर सामने आया है कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के चुनावों में भाजपा की हालत पहले से खराब रहेगी। सर्वे के मुताबिक राजस्थान में पार्टी को 39 प्रतिशत, कांग्रेस को 44 प्रतिशत और अन्य को 17 प्रतिशत वोट मिलने के आसार हैं। जबकि 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 45.17 प्रतिशत, कांग्रेस को 33.07 प्रतिशत और अन्य को 21.76 प्रतिशत वोट मिले थे। आपको बता दें कि 200 सीटों वाली इस विधानसभा में भाजपा के खाते में फिलहाल 163 सीटें हैं।

मध्य प्रदेश से शिव-राज का अंत ?
सर्वे के मुताबिक मध्य प्रदेश में भी शिव-राज का अंत हो सकता है। यहां भाजपा को 34 प्रतिशत, कांग्रेस को 49 और अन्य को 17 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो तो भाजपा को 44.88%, कांग्रेस को 36.38% और अन्य को 18.74% वोट शेयर मिला था। 230 सीटों वाले मध्यप्रदेश में भाजपा के खाते में अभी 165, तो कांग्रेस के पास 58 सीटें हैं। यह सर्वे 28 अप्रैल 2018 से 17 मई 2018 के बीच 19 राज्यों में 700 जगहों की 175 विधानसभा सीटों पर किया गया।