झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फिर जान से मारने की धमकी 

रांची. ऑनलाइन टीम : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फिर जान से मारने की धमकी मिली है। हालांकि यह पहली बार नहीं है। इसके पहले भी ऐसी ही धमकी उन्हें मिली थी। तब कई घटनाओं को के साथ जोड़कर इसे देखा गया था। कोई इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर देख रहा था, तो कोई अन्य घटना से। बहरहाल इतना तो तय है कि हेमंत सोरेन की लोकप्रियता काफी बढ़ती जा रही है और वह लोगों के बीच खासे लोकप्रिय हैं भी।

इस बार पांच जनवरी को उन्हें एक बेनामी ई-मेल भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री आवास में तैनात विशेष शाखा के दारोगा मोहम्मद तंजील खान के बयान पर रांची के साइबर थाना में प्राथमिकी (केस नंबर 02/2021) दर्ज की गई है। 17 जुलाई , 2020 को ई-मेल भेजकर सीएम को जान से मारने की धमकी वाली घटना के साथ इसे जोड़कर रांची के साइबर थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज  दोनों प्राथमिकी में कहा गया है कि ई-मेल भेजने में जर्मनी व स्विटजरलैंड के अलग-अलग सर्वर का प्रयोग किया गया था। ई-मेल भेजने वाले का नाम व पता इस ई-मेल में नहीं है। जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम थाना रांची के इंस्पेक्टर सतीश गोराई को दी गई है।

अपराधियों को पकड़ने के लिए सीआइडी ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सीआइडी के एडीजी अनिल पाल्टा स्वयं इस केस की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जर्मनी व स्विटजरलैंड को अनुरोध पत्र भी भेजा है, ताकि ई-मेल भेजने वालों तक पुलिस पहुंच सके। अब तक साइबर क्राइम थाने को इस ई-मेल से संबंधित आइपी एड्रेस का पता नहीं चला है।