मेरे बंगले को भी ‘लिफ्ट’ करा दे…

पुणे : समाचार ऑनलाइन

पुणे के इस बंगले को देखने के लिए क्यों उमड़ रही भीड़

मशहूर गायक अदनान सामी का गाना याद है न ‘मुझको भी तो लिफ्ट करा दे’? अब किसे, कहाँ तक ‘, ‘लिफ्ट’ कराना है ये तो ऊपरवाला ही जाने। मगर पुणे में एक नीचेवाले ने अपने बंगले को जरूर ‘लिफ्ट’ करा दिया है। चौंकिये नहीं, पुणे के हड़पसर निवासी एक शख्स ने 250 जैक्स का उपयोग कर अपने दो हजार वर्ग फीट के बंगले की ऊंचाई बढ़ा दी है। ताज्जुब तो जरूर हो रहा होगा, मगर यह हकीकत है और इस बंगले को देखने के लिए लोगों का भारी हुजूम भी जमा हो रहा है।

अाम तौर पर जैक का उपयोग कार के टायर बदलने के दौरान कार को लिफ्ट करने के लिए किया जाता है, लेकिन पुणे के एक हड़पसर निवासी एक महाशय ने 250 जैक्स का उपयोग कर अपने दो हजार वर्ग फीट के बंगले की ऊंचाई बढ़ाई है। ये महाशय हैं शिवकुमार अय्यर जिनका हड़पसर स्थित तारदत्त कालोनी में पिछले 18 सालों से बंगला है। इतने सालों में मरम्मत, डामरीकरण, नवीनीकरण जैसे कामों से बंगले के सामने की सड़क की ऊंचाई धीरे धीरे बढ़ती गई जिस कारण बंगले में बारिश का पानी आने लगा। नतीजन इस बंगले में कोई नहीं रह रहा है। इस पर उपाय के लिए उन्होंने बंगले के लिए हाऊस लिफ्टींग तकनीक का उपयोग करने का फैसला किया।

इस बारे में जानकारी देते हुए अय्यर ने बताया कि, बंगले में बारिश का पानी जमा होने से वे परेशान हो गये। इस समस्या पर क्या उपाय किया जा सकता है यह जानने के लिए हमनें इंटरनेट पर सर्च किया तब हमें हाऊस लिफ्टिंग तकनीक की जानकारी मिली। उसके बाद हमनें हरियाणा की एक कंपनी से संपर्क कर उन्हें यह काम सौंप दिया। डेढ़ माह पहले बंगले की ऊंचाई बढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया। इस तकनीक से बंगले की चार फीट से ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। उसके लिए 10 से 12 लाख की लागत अनुमानित है। पूरा बंगला गिराकर फिर से निर्माण करने के लिए जितना खर्चा आ सकता है उससे यह खर्चा काफी कम है।

क्या है हाऊस लिफ्टिंग तकनीक?

घर की ऊंचाई बढ़ाने के लिए हाऊस लिफ्टिंग तकनीक को पूरे विश्व में उपयोग में लाया जाता है। इसमें घर के बुनियाद फिर से रखी जाती है या फिर उसकी ऊंचाई बढ़ाई जाती है। इस तकनीक से एक से पंद्रह फीट तक ऊंचाई बढ़ाई जा सकती है। इससे घर की दीवारें अथवा मूल ढांचे को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं होता है। पुणे में पहली बार इस तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। अय्यर का ‘लिफ्ट’ होता बंगला देखने के लिए आस पास के लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।