आज येदियुरप्पा का होगा कर्नाटक!, नज़रें फ्लोर टेस्ट पर

कर्नाटक : समाचार ऑनलाइन – कर्नाटक में सियासी घमासान जारी है। बीएस येदियुरप्पा को आज सदन में बहुमत साबित करना है। इससे पहले बीते गुरुवार को 3 विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष के इस फैसले से येदियुरप्पा की अगुवाई वाली भाजपा सरकार को सदन में कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है। क्योंकि 17 विधायकों (14 कांग्रेस और 3 जेडीएस) की अयोग्यता के साथ 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में विधायकों की मौजूदा संख्या अब 207 हो जाएगी।

यानी अब बहुमत के लिए भाजपा सरकार को 104 सदस्यों का समर्थन चाहिए। जबकि एक निर्दलीय के साथ आने से भाजपा के पास 106 विधायक हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायकों की संख्या अब 66 (एक नामित भी शामिल), जेडीएस की 34 ही रह गई है। बीजेपी को आज सदन में बहुमत हासिल करना है। बहुमत हासिल करने के सवाल पर राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि ‘सोमवार को सौ फीसदी मैं बहुमत साबित कर दूंगा। ’येदियुरप्पा ने कहा कि ‘वित्त विधेयक (विनियोग विधेयक) को तत्काल पारित कराने की जरूरत है अन्यथा हम तनख्वाह भी देने के लिए धन नहीं ले पायेंगे।’

क्या है पूरा समीकरण –
बता दें फिलहाल अध्यक्ष को छोड़कर 224 सदस्यीय विधानसभा में अब संख्या बल 207 रह गया है। मत-विभाजन की स्थिति में सत्ता पक्ष और विपक्ष को बराबर वोट मिलने पर अध्यक्ष वोट करते हैं। बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 104 है। बीजेपी के पास एक निर्दलीय के समर्थन के साथ ही 106 सदस्य हैं। जबकि कांग्रेस के 66 (नामित समेत) जद(एस) के पास 34, बसपा के एक विधायक हैं।

बता दें कि 14 माह पुरानी कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार विश्वास मत खोने के बाद मंगलवार को गिर गयी थी।