अनुशासनहीन ट्रैफिक पर लगाम कसने शुरू होंगी दो अलग पुलिस चौकियां

औरंगाबाद। पुणे समाचार ऑनलाइन

औरंगाबाद रेलवे स्टेशन परिसर में अनुशासनहीन ऑटो चालक, मनमानी पार्किंग, सड़क पर ही शुरू दुकानों से यहां की ट्रैफिक व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई है। इसपर लगाम कसने के लिहाज से यहां दो अलग पुलिस चौकी शुरू करने का फैसला किया गया है। पुलिस उपायुक्त विनायक ढाकने ने शहर की ट्रैफिक को अनुशासनबद्ध बनाने के लिए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इस कड़ी में स्टेशन परिसर हेतु उस्मानापुरा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस चौकी शुरू करने के आदेश दिए हैं।

रेल्वे स्टेशन परिसर में अनुशासनहीन ऑटो चालकों की मनमानी और दादागिरी से यात्री वर्ग त्रस्त है। स्टेशन पर उतरनेवाले यात्रियों के हाथों से बैग छीनकर उन्हें जबरन अपनी ऑटो रिक्शा में बैठाने की जिद की जाती है। इसके अलावा मनमाना किराया वसूलना, न देनेपर विवाद, झगड़ा करना रोजाना की बात हो गई है। स्टेशन परिसर में मनमानी पार्किंग यहाँ के ट्रैफिक व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहा है। उसी में स्टेशन में प्रवेश द्वार पर ही हॉकर्स का साम्राज्य बसा है। हाल ही में पुलिस आयुक्त चिरंजीवी प्रसाद ने रात 12 बजे के करीब स्टेशन परिसर का मुआयना किया और पुलिस विभाग को यहां के ट्रैफिक व्यवस्था के हालात सुधारने के आदेश दिए। इसके चलते पुलिस उपायुक्त विनायक ढाकने ने आज स्टेशन परिसर का मुआयना किया। उनके साथ सहायक आयुक्त सी. डी. शेवगण, पुलिस निरीक्षक मुकुंद देशमुख, अनिल आडे, घोडके आदि भी मौजूद थे। इसमें यहां दो अलग पुलिस चौकियां शुरू करने के साथ ही ऑटो चालको की मनमानी पर लगाम कसने के लिए स्टेशन पर किराये की जानकारी देनेवाले बोर्ड लगाने के आदेश भी दिए।