केंद्रीय मंत्री नकवी तलाकशुदा महिलाओं को देंगे इफ्तार

नई दिल्ली। समाचार एजेंसी

मोदी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी तलाकशुदा महिलाओं को रोजा इफ्तार पार्टी देंगे। मुख्तार अब्बास नकवी तीन तलाक पीड़ित महिलाओं और उनके परिवार वालों के लिए बुधवार 13 जून को इफ्तार का आयोजन करेंगे। आपको बता दें कि भाजपा मंत्री आमतौर पर इफ्तार का आयोजन नहीं करते हैं। इसलिए नकवी का यह कदम काफी बड़ा माना जा रहा है।

कल मंत्री के नई दिल्ली स्थित आवास पर इफ्तार का आयोजन किया जाएगा। इस इफ्तार में तीन तलाक पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों के साथ विभिन्न क्षेत्र में काम करने वाली मुस्लिम महिलाएं भी शामिल होंगी।

अमित शाह के कहने पर दावत

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कहने पर यह इफ्तार पार्टी दी जा रही है। इसमें करीब सौ महिलाओं को आमंत्रित किया गया है।

गौरतलब हो कि पहली बार मोदी सरकार के किसी मंत्री या भाजपा की तरफ से विशेष तौर पर मुस्लिम महिलाओं के लिए इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है। तीन तलाक के मुद्दे पर भाजपा और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी मुखर रहे हैं।