अधिवेशन से पूर्व नागपुर में खलबली; विधायक निवास में मिली लाश

नागपुर। समाचार ऑनलाइन

विधिमंडल का मानसून सत्र कल (बुधवार) से नागपुर में शुरू होने जा रहा है। इससे पहले ही उपराजधानी में मंगलवार को तब खलबली मच गई। जब यहां के विधायक निवास में एक लाश पायी गई। लाश की शिनाख्त विनोद अग्रवाल के रूप में की गई है। वे मुंबई के विधायक रमेश लटके के निजी सहायक सचिव थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसून सत्र में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के विधायकों समेत उनके सहायकों का नागपुर में आगमन शुरू हो चुका हैं। मुंबई के अंधेरी पूर्व के विधायक रमेश लटके के निजी सहायक विनोद अग्रवाल भी वे सिविल लाइन स्थित विधायक निवास के कमरा क्रमांक 46 में रुके थे।

आज सुबह विधायक निवास में तब खलबली मच गई जब कमरा नम्बर 46 में विनोद अग्रवाल की लाश पायी गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु होने की बात सामने आई है। इस घटना की जानकारी विधायक रमेश लटके को दे दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।