सबका साथ सबका विकास ही सीएम की वैष्णव विचारधारा: श्वेता शालिनी

मुम्बई। पुणे समाचार ऑनलाइन

भाजपा ने कभी भी संप्रदायवाद की राजनीती न करते हुए सभी समाज एवं पंथ को जोड़ने वाली हिन्दूत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पेश की है। उक्त मत भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता श्वेता शालिनी ने व्यक्त किया। पालघर लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा के सामने शिवसेना द्वारा उम्मीदवार उतारे जाने पर श्वेता शालिनी ने कहा कि केंद्र व राज्य की सत्ता में शामिल शिवसेना ने हमारे नेता एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ मित्रवत घात किया है। आज प्रदेश में विकास का दूसरा नाम देवेंद्र फडणवीस हैं।

प्रदेश प्रवक्ता श्वेता शालिनी ने कहा कि एक समय था जब शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व में महाराष्ट्र को आगे बढ़ाने का काम भाजपा ने मिल कर किया,आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। पालघर के ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों का विकास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। नए जिले के विकास को गति मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के चलते ही मिली है।

भाजपा नेता श्वेता शालिनी ने कहा कि भाजपा ने कभी ब्रम्ह,विष्णु या शैव समाज या संप्रदाय में भेद नहीं किया है। हम सभी हिन्दू हैं और ब्रम्हा,विष्णु और महेश हमारे सर्वकालिक नेता हैं। श्वेता शालिनी ने कहा कि हमारे लोकप्रिय एवं विकास के प्रति समर्पित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्वयं आचार एवं विचार से वैष्णव हैं, और महात्मा गांधी ने कहा था कि “वैष्णव जन तो तेने कहिये जे पीर पराई जाने रे” इसी तरह हमारे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य की जनता का कष्ट दूर कर रहे हैं। झोपड़पट्टी में रहने वाले आम आदमी से लेकर बिल्डिंगों में रहने वाले मध्यमवर्ग को राहत पहुचाने का काम मुख्यमंत्री के माध्यम से हो रहा है। पालघर उपचुनाव में भाजपा की भारी जीत का दावा करते हुए श्वेता शालिनी ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सबको साथ में लेकर चलने वाली विचारधारा से आम जनता में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। मतदाता जानता है कि महाराष्ट्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिन रात एक कर पूरी ईमानदारी से सबके कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। श्वेता शालिनी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री की वैष्णव विचारधारा को शिवसैनिक भी समझ रहे हैं।
श्वेता शालिनी ने कहा कि पालघर उपचुनाव में भाजपा की जीत विकास की जीत होगी क्योंकि यहाँ विचार और आचार की लड़ाई है। प्रदेश प्रवक्ता श्वेता शालिनी ने कहा कि पालघर उपचुनाव में कुछ पार्टियां सिर्फ अपनी राजनितिक दुकान चलाने के लिए चुनाव लड़ रही हैं जिसे जनता बखूबी समझ रही है।
श्वेता शालिनी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्त्ता एक मात्र ऐसा कार्यकर्ता है जो देश हित के लिए अपना सर्वश्व देने के लिए तैयार रहता है। हमारे प्रधानमंन्त्री नरेंद्र मोदीजी एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विकास की नई परिभाषा गढ़ रहे हैं। पालघर के उपचुनाव में विकास के लिए जनता आचार विचार की लड़ाई लड़ने वाली भाजपा को ही चुनेगी यह विश्वास श्वेता शालिनी ने जताया।